उदयपुर में वाहन की टक्कर से गौरी (गाय) का पैर टूट गया था। वो चल भी नहीं पा रही थी। खड़ा होना भी मुश्किल था। उसकी इस पीड़ा को उदयपुर से करीब 36 किलोमीटर दूर राजसमंद जिले के घोड़ा घाटी (नाथद्वारा) गोशाला के पुजारी ने समझा।
नतीजा रहा कि, एक साल दर्द सहने के बाद आखिरकार गौरी अपने पैर पर खड़ी है। गौरी को कृत्रिम पैर लगाया गया है। अब वो वापस खेतों में घूम पा रही है।
नारायण सेवा संस्थान के प्रोस्थेटिक्स एंड ऑर्थोटिक्स (पीएंडओ) विभाग की प्रमुख डॉ. मानस रंजन साहू का कहना कि पशु में कृत्रिम पैर लगाना एक चुनौती था।
गाय के पैर पर प्लास्टर चढ़ाया जाता है तो वह उसे सहजता से स्वीकार नहीं कर पाती।
बार-बार पैर जमीन पर पटकने के कारण प्लास्टर टूटने का खतरा रहता है। इसलिए पूरी प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरतनी पड़ी।
साहू ने बताया कि संस्थान में अब तक इंसानों के लिए कृत्रिम अंग तैयार किए जाते रहे हैं। पशु के लिए इस तरह का काम पहली बार किया गया।
गाड़ी चढ़ने पर काटना पड़ा था पैर
उदयपुर से करीब 36 किलोमीटर दूर राजसमंद जिले के घोड़ा घाटी (नाथद्वारा) में एक गौशाला है। ये गौशाला ही गौरी का घर है। गौरी यहां —सालों से रह रही है। घोड़ाघाटी के मुछाला महादेव आश्रम के पुजारी शंकर सिंह शक्तावत बताते है कि उसका गौरी नाम उन्होंने ही रखा था। करीब एक साल पहले उदयपुर-नाथद्वारा हाईवे पर घोड़ाघाटी में किसी अज्ञात वाहन ने गोरी को टक्कर मार दी थी।
गौरी के अगले बांये पैर पर गाड़ी चढ़ गई थी। गौरी का पैर तीन जगह से टूट गया था। उसे स्थानीय नेड़च गांव के डॉक्टर लक्ष्मण को दिखाया था। उन्होंने जांच के बाद बताया कि पैर काटने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। इसके बाद गौरी का पैर काटना पड़ा।
हालत यह हो गई थी कि वह पानी पीने के लिए भी खुद उठ नहीं पाती थी। उसे इस हालत में देखकर गोशाला परिवार भी परेशान रहता था। पुजारी ने कहा कि गौरी को इस हाल में देखकर बहुत पीड़ा होती थी। बस ये ही सोचता था कि आखिर गौरी वापस कैसे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।
नारायण सेवा संस्थान ने बनाया कृत्रिम पैर
पुजारी ने बताया कि उन्होंने ठान लिया था कि किसी भी तरह गौरी को फिर से चलने लायक बनाना है। इसी उम्मीद में जयपुर तक उसका कृत्रिम पैर बनवाने के लिए भी गए थे। करीब एक साल तक अलग-अलग जगह कोशिश करते रहे।
इसी बीच नारायण सेवा संस्थान के बारे में पता चला। गौशाला से दो लोग उनसे संपर्क करने गए थे। इसके बाद संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने प्रोस्थेटिक्स एंड ऑर्थोटिक्स विभाग की विशेषज्ञ टीम को गौरी की स्थिति देखने को भेजा। टीम ने गौरी के पैर की स्थिति और कृत्रिम अंग लगाने की संभावनाओं की जांच की। इसके बाद गौरी की शारीरिक बनावट के अनुसार विशेष मॉड्यूलर कृत्रिम पैर तैयार किया गया।
पुजारी ने बताया कि अब गौरी की जिंदगी धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। वह सुबह-शाम मिलाकर करीब 8 लीटर दूध देती है। सबसे बड़ी खुशी है कि अब उसे चारा खाने के लिए किसी के सहारे का इंतजार नहीं करना पड़ता। वह खुद चलकर गोशाला में चारा खाने पहुंच जाती है।
गौरी के लिए ऐसे तैयार किया गया कृत्रिम पैर
नारायण सेवा संस्थान के प्रोस्थेटिक्स एंड ऑर्थोटिक्स (पीएंडओ) विभाग की प्रमुख डॉ. मानस रंजन साहू ने बताया कि संस्थान में अब तक इंसानों के लिए कृत्रिम अंग तैयार किए जाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि पशुओं में कृत्रिम पैर लगाना इंसानों की तुलना में चुनौतीपूर्ण है। जब गाय के पैर पर प्लास्टर चढ़ाया जाता है तो वह उसे सहजता से स्वीकार नहीं कर पाती। बार-बार पैर जमीन पर पटकने के कारण प्लास्टर टूटने का खतरा रहता है। इसलिए पूरी प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरतनी पड़ी।
गाय के वजन और शारीरिक बनावट को देखते हुए कार्बन फाइबर का इस्तेमाल
पशु के लिए इस तरह का काम पहली बार किया गया। गाय को संस्थान तक लाना भी संभव नहीं था क्योंकि उसके लिए चढ़ना-उतरना मुश्किल था। ऐसे में विशेषज्ञों की टीम को गोशाला भेजा गया।
- टीम ने सबसे पहले गाय के प्रभावित पैर का माप लिया। इसके लिए फाइबर कास्ट तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इसमें प्रभावित हिस्से का सटीक आकार लेकर कृत्रिम पैर की फिटिंग के लिए जरूरी माप तैयार किए जाते हैं।
- इसके बाद प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से पैर का सांचा (मोल्ड) बनाया गया, ताकि कृत्रिम अंग गाय के पैर की बनावट के अनुरूप तैयार हो सके।
- कृत्रिम पैर में कार्बन फाइबर का इस्तेमाल किया गया। यह सामग्री वजन में काफी हल्की होने के साथ बेहद मजबूत होती है। इससे गाय पर अतिरिक्त भार नहीं पड़ता और कृत्रिम पैर पहनने के बाद उसे चलने में असुविधा भी कम होती है।
- इसकी अंदरूनी सतह पर स्पंजी सामग्री मुलायम स्पंजी सामग्री, जो कृत्रिम अंग के अंदर लगाई जाती है ताकि दबाव और रगड़ से बचाव हो जिसे प्लास्टाजोट लगाई गई है।
- इससे कृत्रिम पैर आरामदायक रहता है और लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है। उचित देखभाल के साथ इसके चार से पांच साल तक चलने की उम्मीद है।
डॉ.साहू ने बताया कि कृत्रिम पैर लगाने के बाद जब टीम ने पांच दिन बाद गौरी की स्थिति देखी तो वह अपनी जगह से उठकर पास के खेत तक जाने लगी थी। पहले वह तीन पैरों पर खड़ी तो हो जाती थी लेकिन चल नहीं पाती थी।
अब उसे चलते देखना टीम के लिए बेहद खुशी का क्षण था। इस काम के बाद कई जगहों से पशुओं के लिए कृत्रिम पैर बनाने को लेकर पूछताछ भी आने लगी है।
मूक प्राणी की तकलीफ समझना भी हमारा दायित्व
संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि इंसान अपनी पीड़ा शब्दों में बता सकता है लेकिन मूक प्राणी अपनी तकलीफ नहीं बता सकते। उनकी पीड़ा समझना और उन्हें राहत पहुंचाना हमारा दायित्व है।
गौरी को फिर से खड़े होकर चलते देखना संस्थान के लिए भी बड़ी खुशी का क्षण है। यह प्रयास बताता है कि तकनीक का उद्देश्य केवल मनुष्यों की जिंदगी आसान बनाना ही नहीं, बल्कि मूक प्राणियों का दर्द कम करना भी है।