प्रयागराज में बाउंसर का रुपयों भरा बैग गायब:दोस्त के घर रुका था, मुंबई में रिश्तेदार के इलाज के लिए ले जा रहा था 14 लाख

प्रयागराज में मुंबई में भर्ती रिश्तेदार के इलाज के लिए 14 लाख रुपये लेकर निकले युवक के साथ बड़ी घटना हो गई। ट्रेन पांच घंटे लेट हुई तो वह एल्गिन रोड स्थित दोस्त के घर चला गया। वहां रुपये से भरा बैग रखकर दोस्त के साथ खाने-पीने चला गया। करीब पांच घंटे बाद लौटा तो बैग गायब था। दोस्त का बहनोई भी घर से नदारद था।

पुलिस ने जांच शुरू की तो रुपये एक के बाद एक कई लोगों तक पहुंचने की बात सामने आई। बहनोई ने रकम अपने दामाद को दी और दामाद ने अपने दोस्त सनी को सौंप दी। अब सनी 14 लाख रुपये लेकर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

ट्रेन 5 घंटे लेट थी, दोस्त के घर चला गया

सरायइनायत क्षेत्र निवासी विपिन सिंह की बुआ का बेटा मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती है। उसके इलाज के लिए विपिन 14 लाख रुपये लेकर मुंबई जाने के लिए निकला था। सुबह करीब 7 बजे वह प्रयागराज जंक्शन पहुंचा, लेकिन उसकी ट्रेन पांच घंटे लेट थी।

ट्रेन का इंतजार करने के बजाय वह एल्गिन रोड स्थित सागरपेशा बस्ती में रहने वाले अपने दोस्त के घर चला गया। वहां उसने रुपये से भरा बैग रख दिया और दोस्त के साथ खाने-पीने निकल गया।

लौटा तो बैग गायब, बहनोई भी नहीं मिला

दोपहर करीब 12 बजे विपिन वापस लौटा तो कमरे से 14 लाख रुपये से भरा बैग गायब था। दोस्त का बहनोई बब्बू भी घर पर नहीं मिला। इसके बाद विपिन ने सिविल लाइंस पुलिस को सूचना दी।

बहनोई बोला- दामाद को दे दिए थे रुपये

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और बब्बू को पकड़ लिया। विपिन के दोस्त को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। पूछताछ में बब्बू ने बताया कि उसने रुपये अपने दामाद को दे दिए थे।

इसके बाद पुलिस ने दामाद के बेटे को पकड़ा। उसने बताया कि 14 लाख रुपये उसने अपने दोस्त सनी को दे दिए हैं। पुलिस सनी के घर पहुंची तो वह गायब मिला। अब उसकी तलाश की जा रही है।

एक ही प्रॉपर्टी डीलर के यहां काम करते हैं दोनों

विपिन प्रयागराज के एक प्रॉपर्टी डीलर के यहां बॉडीगार्ड है। जिस दोस्त के घर वह रुका था, वह भी उसी प्रॉपर्टी डीलर के यहां सफाई कर्मचारी है। दोस्त का बहनोई बब्बू बताया जा रहा है। पुलिस अब सनी को पकड़ने और रकम बरामद करने में जुटी है।

इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव ने बताया कि 14 लाख रुपये लेकर फरार युवक का पता लगाया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर रकम बरामद की जाएगी।