‘अनंत सिंह वही है ना… गोरे-गोरे मुखड़े पे काला-काला चश्मा’:होने वाली समधन ने ली चुटकी, बोलीं- लोग डरे तो डरे, हम क्यों डरेंगे

मोकामा विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर चर्चा में हैं। शादी की तैयारियों, मेहमानों और अनंत सिंह के खास अंदाज के बीच अब होने वाली समधन का एक वीडियो सामने आया है।

होने वाली समधन ने भरी महफिल में उनके सिग्नेचर स्टाइल यानी उनके काले चश्मे पर ऐसी चुटकी ली कि वहां मौजूद हर शख्स हंसते-हंसते लोटपोट हो गया।

वीडियो में अनंत सिंह की समधन हंसते हुए कहती हैं, “अनंत सिंह का यही है न जी, गोरे-गोरे मुखड़े पे काला-काला चश्मा।”

इतना कहते ही वह खुद भी जोर-जोर से हंसने लगती हैं। उनके इस अंदाज पर आसपास मौजूद लोग भी हंसी नहीं रोक पाते।

बोलीं- समधन को अनंत सिंह से डरने की जरूरत नहीं

वीडियो में समधन का बेफिक्र अंदाज भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि दूसरे लोग अनंत सिंह से डर सकते हैं, लेकिन समधन को उनसे डरने की क्या जरूरत है।

वह कहती हैं कि दूसरे लोग अनंत सिंह से डर सकते हैं, वो बाहुबली बाहर वालों के लिए होंगे,लेकिन समधन को उनसे डरने की क्या जरूरत है।

शादी के रिश्ते में होने वाले इस हल्के-फुल्के मजाक ने अनंत सिंह की चर्चित दबंग छवि से बिल्कुल अलग माहौल दिखाया।

20 नवंबर को तिलक में होगी मुलाकात

समधन ने बताया कि 20 नवंबर को होने वाले तिलक समारोह में अनंत सिंह से उनकी मुलाकात होगी। शादी से पहले ही समधी-समधन के बीच का यह हंसी-मजाक अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग वीडियो पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

बेटी की शादी का न्योता देने अक्षरा सिंह के घर पहुंचे थे अनंत

इधर, बेटी शिवांगी की शादी को लेकर अनंत सिंह लगातार रिश्तेदारों और परिचितों से मुलाकात कर रहे हैं। शनिवार को वह भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने छठ का प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने सभी को अपनी बेटी की शादी में आने का निमंत्रण भी दिया था।

मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा था कि 25 नवंबर को बेटी की शादी है और सभी लोग आमंत्रित हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि किसी के पास कार्ड नहीं पहुंच पाया हो तो वह इसे लेकर चिंता न करें और सभी शादी में जरूर आएं।

अनंत सिंह ने 2 घंटे तक देखी घोड़ों की प्रैक्टिस

विधायक अनंत सिंह बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे हैं। वे रोज सुबह और शाम घुड़दौड़ ग्राउंड जाकर घोड़ों की प्रैक्टिस देख रहे हैं। शनिवार दोपहर 2 बजे उनके सभी घोड़े ग्राउंड में पहुंचे थे। अनंत सिंह ने वहां जाकर घोड़ों को दौड़ते देखा था। करीब 2 घंटे तक तैयारी देखने के बाद वे अपने आवास लौट गए थे।

अनंत सिंह ने कहा था कि तैयारी सबके सामने है। छठ महापर्व खत्म होने के दूसरे दिन से गुड़गांव में भाग लेने वाले घोड़े आने लगेंगे। छठ के बाद बाहर से आने वाले घोड़ों के लिए घुड़साल बनाया जा रहा है।

आवास से 1 किमी दूर ग्राउंड

अनंत सिंह रोज अपने आवास से करीब एक किलोमीटर दूर घुड़दौड़ ग्राउंड जाते हैं। वे काफिले के साथ वहां पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेते हैं और घोड़ों की प्रैक्टिस देखते हैं।

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को बिहटा के कृष्णानगर निवासी रणविजय सिंह के बेटे ऋषिकेश कुमार से होगी। उसी दिन घुड़दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें देश के नामी घोड़े दौड़ेंगे।

25 नवंबर को होगी शिवांगी की शादी

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को आर्मी ऑफिसर रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार से होगी। शादी को लेकर परिवार की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। 20 नवंबर को तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें रिश्तेदारों और मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है।

बड़े नेताओं और चर्चित हस्तियों को भेजा गया निमंत्रण

शिवांगी की शादी में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। अनंत सिंह ने प्रधानमंत्री, बिहार के मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं और राजनीतिक हस्तियों को निमंत्रण भेजा है।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को भी उन्होंने व्यक्तिगत रूप से शादी का कार्ड दिया था। ऐसे में 25 नवंबर को होने वाली शादी के साथ-साथ समधन का वायरल वीडियो भी इस समय चर्चा में है।