सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल की इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर में मरीजों को अब इलाज के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब आंख, नाक, कान और गले से जुड़ी समस्याओं के लिए 24-घंटे ऑन कॉल सीनियर डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे।
वहीं, मेडिसिन, हड्डी, सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों की रोटेशन के आधार पर ड्यूटी लगाई जाएगी।
4-4 सीनियर डॉक्टर की रोटेशन पर ड्यूटी का आदेश
प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने इस संबंध में संबंधित विभागों को पत्र जारी कर ड्यूटी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार, मेडिसिन, अस्थि रोग, सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के एचओडी को चार-चार सीनियर रेजीडेंट डॉक्टर रोटेशन के आधार पर नियुक्त करने को कहा गया है, ताकि इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर में हर समय डॉक्टर उपलब्ध रहें।
वहीं, नेत्र रोग और ईएनटी विभाग को 24×7 ऑन कॉल सीनियर डॉक्टर की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
दीपावली पर मिली सुविधा के बाद लिया निर्णय
दीपावली के दौरान अस्पताल में विशेष व्यवस्था की गई थी। इस दौरान मरीजों को मिली सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं को देखते हुए हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने प्रिंसिपल को यह व्यवस्था सामान्य दिनों में भी लागू रखने का सुझाव दिया। इसके बाद प्रिंसिपल ने नए आदेश जारी किए।
फिलहाल SMS हॉस्पिटल की इमरजेंसी में मेडिसिन विभाग के डॉक्टर ही नियमित रूप से ड्यूटी देते हैं, जबकि सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टर ऑन कॉल रहते हैं।
नाक, कान और आंखों के मरीजों को आती है परेशानी
अक्सर इमरजेंसी में ऐसे केस आते हैं, जहां मरीज के नाक, कान या गले के अलावा आंखों से जुड़ी परेशानी होती है। ऐसे में मरीज पहले इमरजेंसी आता है, बाद में उसे चरक भवन भेजा जाता है। जहां कई बार सीनियर रेजीडेंट नहीं मिलने पर मरीज को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ता है।
ऑन कॉल व्यवस्था रहने से मरीज आने पर उसे यथासंभव इमरजेंसी में ही इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
ट्रॉमा के केस में भी रहती है परेशानी
ओपीडी समय के बाद कई ट्रॉमा के केस ऐसे आते हैं, जहां मरीज की एक्सीडेंट के बाद आंख, नाक या गले में चोट या दूसरी समस्या आती है। इसके लिए भी ईएनटी और आंखों के डॉक्टर का इंतजार करना पड़ता है।
नए सिस्टम के तहत ड्यूटी लगने के बाद ट्रॉमा में आए मरीज के ऑपरेशन में भी देरी या परेशानी नहीं होगी।