जयपुर में जानलेवा हमले में घायल हुए कैफे संचालक की सोमवार रात मौत हो गई। वह 11 दिन तक जिंदगी-मौत के बीच हॉस्पिटल में संघर्ष कर रहा था। महिला वर्कर के दोस्त को टोकने को लेकर कैफे संचालक पर हमला हुआ था।
वैशाली नगर थाना पुलिस की ओर से कातिलाना हमला करने वाले तीन आरोपियों को अरेस्ट किया जा चुका है।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को जयपुरिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
कैफे बंद कर घर जा रहे संचालक पर किया था हमला
SHO (वैशाली नगर) अरविन्द सिंह शेखावत ने बताया की घटना 5 नवंबर की रात करीब 9.45 बजे की है। जब मयंक कैफे बंद कर पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान कैफे से कुछ दूरी पर पहले से खड़े बदमाश पीछे से दौड़कर आए और लाठी-डंडे से मयंक पर वार कर दिया। सिर पर चोट लगने से मयंक जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद दोनों हमलावर मयंक पर ताबड़तोड़ वार करते रहे।
मरा समझकर हमलावर बाइक व स्कूटी पर सवार अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए थे। गंभीर चोट लगने के कारण सिर का ऑपरेशन करना पड़ा था। प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट मयंक गोपालिया की इलाज के दौरान सोमवार देर रात मौत हो गई।
मयंक गोपालिया वैशाली नगर के रहने वाले थे औऱ वह वैशाली मार्ग पर ‘ओवन द बेकरी’ के नाम से कैफे चलाते थे।
तीन बदमाश हो चुके अरेस्ट
पुलिस की ओर से कैफे संचालक पर कातिलाना हमला करने के मामले में आरोपी मोहम्मद शाहरुख, अकमान और मोहम्मद रसीद उफ अल्तमस को अरेस्ट कर चुकी।
पुलिस जांच में सामने आया था कि कैफे पर महिला वर्कर काम करती है। महिला वर्कर का दोस्त शाहरुख आए दिन उससे मिलने कैफे पर आता था।
इस बात को लेकर टोकने पर शाहरुख ने जान से मारने की धमकी दी। 5 नबम्वर की दिन में झगड़ा होने के बाद रात को दोस्तों के साथ मिलकर कैफे संचालक मयंक गोपालिया पर जानलेवा हमला किया था।