हरियाणा के कुरुक्षेत्र में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग (फूड एंड सप्लाई) के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) के इस्तीफा देने का मामला सामने आया है। DFSC नरेश कुमार ने 15 नवंबर को विभाग की प्रिंसिपल सेक्रेटरी डॉ. अमनीत पी. कुमार को इस्तीफा मंजूर करने के लिए ई-मेल भेजी है।
इस्तीफे में नरेश कुमार ने पद छोड़ने के पीछे घरेलू कारण बताए हैं। हालांकि, मामले को लेकर नरेश कुमार से बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई। उन्होंने अपने इस्तीफे की सूचना विभाग के डायरेक्टर और DC कुरुक्षेत्र को भी भेजी है।
इस्तीफे के पीछे बताए घरेलू कारण
DS नरेश कुमार ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि घरेलू परिस्थितियों के चलते उनके लिए कुरुक्षेत्र में DFSC के पद पर काम जारी रखना संभव नहीं है। इसलिए वह 15 नवंबर 2026 से अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।
उन्होंने विभाग की प्रिंसिपल सेक्रेटरी से उनका इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है। साथ ही पत्र में स्पष्ट किया है कि वह 15 नवंबर के बाद कार्यालय में ड्यूटी नहीं कर पाएंगे।
डायरेक्टर और DC को भी सूचना
नरेश कुमार ने अपना इस्तीफा विभाग की प्रिंसिपल सेक्रेटरी को भेजने के साथ इसकी कॉपी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के डायरेक्टर और कुरुक्षेत्र के DC विश्राम कुमार मीणा को भी सूचना जरूरी कार्रवाई के लिए भेजी है।
थप्पड़ कांड के बाद मिला था चार्ज
नरेश कुमार को राजेश कुमार के बाद कुरुक्षेत्र में DFSC का चार्ज मिला था। इससे पहले DFSC राजेश कुमार उस समय चर्चा में आए थे, जब भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था।
इस घटना के बाद मामला काफी चर्चा में रहा था। घटना के बाद 20 जनवरी को नरेश कुमार को कुरुक्षेत्र में DFSC की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अभी नरेश कुमार की ओर से इस्तीफे की मंजूरी और विभाग में DFSC पद को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
पुलिस कर धान घोटाले की जांच
उधर, भाकियू चढूनी और पिहोवा ने पिहोवा, शाहाबाद और इस्माइलाबाद में 100 करोड़ रुपए से ज्यादा के धान घोटाला होने के आरोप लगाए हैं। भाकियू पिहोवा के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच ने कहा कि इन मामले में तीनों जगह पर FIR दर्ज हुई है।
पुलिस इनकी जांच कर रही है। इन मामले को लेकर इस्तीफा देने की चर्चा है। हालांकि जांच के बाद स्पष्ट होगा कि इसमें DFSC का कोई रोल था या नहीं। आरोप लगाया कि फिर भी उनकी जिम्मेदारी बनती है।
इस महीने दर्ज हुई 2 FIR
धान घोटाले में 3 नवंबर को दर्ज शिकायत में मार्केट कमेटी सचिव चंद्र सिंह ने बताया था कि गुरुद्वारा सचखंड ईशर जुरासी के सेवादार ने बताया कि गुरुद्वारे की करीब 225 एकड़ जमीन का पंजीकरण CSC संचालक विजय कुमार से करवाया था। आरोप लगाया कि विजय ने इसमें से कुछ जमीन का अवैध तरीके से अपने नाम पंजीकरण कर लिया और फसल बेच दी। इससे पहले थाना सदर पिहोवा पुलिस ने 28 अक्टूबर को कराह साहिब में फर्जी रजिस्ट्रेशन पर धान बेचने के आरोप में मामला दर्ज किया था। अब हाल ही में 11 नवंबर को इस्माइलाबाद पुलिस ने केस दर्ज किया।
मार्केट कमेटी के सचिव अंकुर ठकराल ने शिकायत में आरोप लगाया कि गुमथला गढू और सारसा गांव के किसानों के नाम पर फर्जी रजिस्ट्रेशन कर करीब 30 लाख रुपए की फसल बेची गई।