पठानकोट में XUV लूट के 60 घंटे:पुलिस के हाथ खाली, कत्थूनंगल टोल प्लाजा पर दिखी कार, आईजी बोले-हम बहुत करीब, जल्द करेंगे खुलासा

पठानकोट के मलिकपुर में छाती पर पिस्टल रख XUV-500 की लूट मामले के 60 घंटे बीत जाने के बाद भू पुलिस के हाथ खाली है। इसी बीच जानकारी सामने आई है कि कार लूटने के बाद आरोपी पहले माधोपुर और फिर गुरदासपुर की ओर भाग निकला। जिसके बाद देर रात वही कार कत्थूनंगल टोल प्लाजा क्रॉस करती सीसीटीवी में कैद हुई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए तकनीकी जांच तेज की है। आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर का कहना है कि पुलिस आरोपी के बेहद करीब है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। फिल्हाल आरोपी को पकड़ने के लिए पठानकोट और अमृतसर पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

टोल कटने के मैसेज से मिली जानकारी

एक्सयूवी के मालिक सन्नी वर्मा के साले कठुआ निवासी विशाल ने मीडिया को दिए बयान में बताया कि लुटेरा कार लेकर पहले माधोपुर की तरफ गया। लेकिन, देर रात उसके जीजा को कत्थूनंगल टोल प्लाजा से टोल कटने का मैसेज आया। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस ने जांच तेज कर दी।

पुलिस ने अतिरिक्त नाके लगाकर वाहनों की जांच शुरु की है और विशेष टीमों का गठन किया गया है। एसएसपी पठानकोट मनप्रीत सिंह ने कहा कि पुलिस पूरी संजीदगी से इस मामले पर लगी है और जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा।

कार लूट मामले में कोई आतंकी कनेक्शन नहीं – आईजी

रविवार को गन प्वाईंट पर हुई कार लूट मामले में पुलिस की जांच में अभी तक कोई आतंकी कनेक्शन नहीं मिला है। पठानकोट एसएसपी मनप्रीत सिंह का कहना है कि ये केवल वाहन लूट का मामला है। इसमें कोई आतंकी कनेक्शन नहीं है।

वहीं, आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने भी कहा कि इस केस का कोई आतंकी कनेक्शन नहीं है। पुलिस इस मामले को हल करने के काफी करीब है। कई लीड मिली हैं, जिसे डिस्क्लोज नहीं किया जा सकता। लेकिन, जल्द इस मामले को हल कर खुलासा कर दिया जाएगा।

ड्राइवर की छाती पर पिस्तौल तान छीनी थी कार

परिवार को डाउनटाउन घुमाने लाया था ड्राइवर, पार्किंग के दौरान लूट रविवार देर रात थाना सुजानपुर में दर्ज FIR नंबर 241 के मुताबिक, शिकायतकर्ता प्रवीण सिंह (40) निवासी महावीर मोहल्ला, बमियाल ने बताया कि वह प्रताप वर्ल्ड स्कूल की बस चलाता है। उसके पुराने परिचित सनी वर्मा निवासी बमियाल अक्सर उसे दूर-दराज जाने के लिए ड्राइवर के तौर पर साथ ले जाते हैं।

प्रवीण सिंह के मुताबिक, रविवार रात वह सनी वर्मा की पत्नी, बेटी और बेटे को महिंद्रा XUV500 में लेकर डाउनटाउन पुल नंबर-5, सुजानपुर के पास पहुंचा था। परिवार डाउनटाउन के अंदर घूमने चला गया, जबकि उसने लखनपुर की तरफ मुंह करके हाईवे किनारे गाड़ी पार्क कर दी। वह खुद कार के अंदर बैठा हुआ था।

छाती पर पिस्तौल तानी, थप्पड़ मार कार से उतारा

प्रवीण सिंह ने पुलिस को बताया कि रात साढ़े 9 के आसपास वह गाड़ी में बैठा था, तभी सिर पर काला परना बांधे एक युवक वहां आया। उसने प्रवीण की छाती पर पिस्तौल तान दी और थप्पड़ मारते हुए धमकी दी- “गाड़ी से जल्दी नीचे उतर जा, नहीं तो गोली मार दूंगा।”

डर के कारण प्रवीण तुरंत गाड़ी से नीचे उतर गया। इसके बाद आरोपी सफेद XUV500 लेकर माधोपुर (कठुआ-जम्मू) की दिशा में फरार हो गया। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसके सामने दोबारा आए तो वह उसकी पहचान कर सकता है।