हरियाणा-BJP विधायक के समधी ने टीके में 1 रुपया लिया:हिसार में हुई की रस्म; गुरुग्राम के फाइव स्टार होटल में होगी शादी

हरियाणा में बाढ़ड़ा से भाजपा विधायक उमेद पातुवास की डॉक्टर बेटी दीक्षा की शादी हिसार के डॉ. गोविंद से होने जा रही है। दोनों की सगाई 19 अगस्त को हुई थी। 17 नवंबर को हिसार के रॉयल पाम रिसॉर्ट में लग्न टीके की रस्म हुई।

इस दौरान डॉ. गोविंद के पिता एवं पातुवास के समधी विरेंद्र ग्रेवाल ने शगुन में सिर्फ एक रुपया और नारियल लिया। विरेंद्र ग्रेवाल बरवाला से कांग्रेस विधायक रहे रामनिवास घोड़ेला के दोस्त हैं।

टीके की रस्म के बाद विशेष आमंत्रण पर भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा सांसद धर्मबीर और विधायक उमेद पातुवास पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला के घर भी पहुंचे।

अब 21 नवंबर को गुरुग्राम के पांच सितारा होटल हयात में शादी होगी। इसके बाद 23 नवंबर को हिसार के रॉयल पाम रिसॉर्ट में रिसेप्शन रखा गया है।

घोड़ेला ने सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें

टीके की रस्म के बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक घोड़ेला ने भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह और विधायक उमेद पातुवास के साथ मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की है। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ मुलाकात की तस्वीरें घोड़ेला ने सोशल मीडिया पर शेयर की थी।

बता दें कि समधी का घर गांव सातरोड़ में पूर्व विधायक घोड़ेला के बरवाला हलके में पड़ता है। रामनिवास घोड़ेला के अनुरोध पर ही दोनों नेता घर आए और कई मुद्दों पर चर्चा की।

दोनों की फैमिली के बारे में जानिए…

उमेद पातुवास चरखी दादरी जिले के पातुवास गांव के रहने वाले हैं। वे भारतीय नौसेना से रिटायर्ड हैं। 2024 में बाढड़ा विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए। बड़ी बेटी डॉ. दीक्षा हैं, जिनकी शादी डॉ. गोविंद ग्रेवाल से हो रही है। दीक्षा एमबीबीएस के बाद एमडी कर रही हैं।

वहीं, उनके होने वाले पति डॉ. गोविंद ग्रेवाल हिसार के गांव सातरोड के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम विरेंद्र ग्रेवाल और माता का नाम सुलोचना है। गोविंद फिलहाल नोएडा में डॉक्टरी कर रहे हैं, जबकि उनका परिवार स्कूल चलाता है।