100 की रफ्तार से बाइक को मारी टक्कर,7 की मौत:हवा में उछलकर पेड़ से टकराई कार; यूपी से बारात में आए थे, एक का पैर कटा

बक्सर में गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार करीब 20 फीट हवा में उछलकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है।

हादसा राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के पास NH-319A पर हुआ था। कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाइक सवार अरुण कुमार (22) ने बक्सर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।

वहीं दो बाइक सवार शुभम कुमार (21) और शिवम कुमार (18) को इलाज के लिए वाराणसी ले जाया जा रहा था, उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में जख्मी कार सवार सम्राट ठाकुर की शुक्रवार सुबह मौत हो गई, जबकि ड्राइवर सतेंद्र (25) लापता है।

मृतकों में 5 उत्तर प्रदेश के थे। जिनकी पहचान गहमर थाना क्षेत्र के भतउरा गांव निवासी इरफान अंसारी (25), अरबाज अंसारी (20), सम्राट ठाकुर (22 और बादल कुमार (30) के रूप में हुई है। बाइक सवार अरुण कुमार (22) भी यूपी का ही रहनेवाला था, जो अपने मामा के घर बक्सर आया था। वहीं बक्सर के सौरी गांव निवासी शुभम कुमार (21) और सिकरौल निवासी शिवम कुमार (18) की भी मौत हुई है।

टक्कर के बाद हवा में उछली कार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 20 फीट हवा में उछल गई। इसके बाद सड़क किनारे करीब 10 फीट पानी भरे गड्ढे को पार करते हुए पेड़ से टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

100 किमी की रफ्तार से दौड़ रही थी कार

प्रत्यक्षदर्शी रविरंजन सिंह ने बताया कि कार की स्पीड़ करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। तेज रफ्तार के कारण चालक बाइक को देखकर भी संभल नहीं सका और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

तीन कार सवार-तीन बाइक सवार की मौत

स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया। राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक बाइक सवार ने दम तोड़ दिया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल दो बाइक सवारों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया था। हालांकि, बनारस पहुंचने से पहले ही दुर्गावती के पास दोनों की मौत हो गई।

हादसे में मरने वालों में तीन कार सवार और तीन बाइक सवार शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यूपी से शादी में बिहार आए थे 5 युवक

उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा (भतउरा) गांव के पांच युवक कार से बिहार आ रहे थे। उन्हें कैमूर जिले के रामगढ़ स्थित विशुनपुरा गांव में एक बारात में शामिल होना था। इसी दौरान सोनपा गांव के तीन युवक एक बाइक से मुख्य सड़क पर निकले। तभी कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और पेड़ से जा टकराई।

यूपी के अरुण का पैर कटकर अलग हुआ

मृतकों में शामिल अरुण कुमार (22) पिता रामनिधि राय उतरौली निवासी दो भाइयों में छोटे थे। सेना में भर्ती के लिए वो फिजिकल की तैयारी कर रहे थे। एक दिन पहले सोनपा निवासी अपने मामा हरेराम राजभर के यहां घूमने आए थे। शाम में मामा गांव के दोस्त सौरी गांव निवासी शुभम कुमार (21) पिता अनिल राय और सिकरौल निवासी शिवम कुमार (18) पिता भूषण चौधरी के साथ बाइक पर बैठकर महावीर स्थान की तरफ जा रहा था।

बाइक सवार अभी अपने घर से 50 मीटर दूर निकले ही थे कि हाईवे पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने बाइक के पीछे जोरदार टक्कर मारी। फिर उड़ते हुए सड़क किनारे खाई को पार करते हुए एक पेड़ से टकरा गई। कार के टक्कर से बाइक में पीछे बैठे अरुण राजभर का बाया पैर शरीर से अलग होकर दूर गिर गया। स्थानीय लोग अरुण को निजी गाड़ी से बक्सर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसकी मौत हो गई।

बाइक सवार तीनों युवक छटपटा रहे थेः प्रत्यक्षदर्शी

प्रत्यक्षदर्शी जलीलपुर पैक्स अध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि महावीर स्थान से बाजार करने के बाद मै अपने गांव के रास्ते में मुड़ा ही था कि तभी टक्कर की इतनी तेज आवाज हुई कि दिमाग हिल गया। पीछे मुड़कर देखा तो कार में चीख पुकार मच गई। आवाज सुनकर मेरे साथ आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे तो देखा कि बाइक सवार तीन लोग सड़क पर गिर छटपटा रहे थे।

ड्राइवर लापता, दो महीने पहले खरीदी थी कार

भतौरा के मुखिया(ग्राम प्रधान) अजीत कुमार सिंह ने बताया कि मेरे गांव से रामनिवास राम के यहां से बारात बिहार के रामगढ़ के लिए निकली थी। तभी बीच रास्ते में राजपुर थाना क्षेत्र के सोनापा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में कुल पांच लोग सवार थे।

जिसमें तीन लोगों की मौत मौके पर हो गई। एक घायल को बक्सर सदर अस्पताल से रेफर किया गया है। जबकि चालक का कुछ पता नहीं चल पाया है। कार चालक छांगुर कुमार उर्फ सतेंद्र (25) भतौरा गांव का ही निवासी है। बताया गया कि छांगुर दो महीने पहले सेकेंड हैंड आई 20 कार खरीदी थी।

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था शुभम

शुभम कुमार तीन भाई में दूसरे नंबर पर था। वही शिवम इंटर का छात्र था और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। गांव वालों ने बताया कि शुभम कुमार पढ़ाईमें तेज था। वह सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। घटना के बाद शुक्रवार की सुबह उसका शव जब घर पहुंचा तो घर के पास भीड़ इकट्ठा हो गई। परिजनो का रो-रो कर बुरा हाल है।

11 साल पहले शिवम की मां की भी मौत हादसे में हुई थी

शिवम कुमार की मां और शिक्षिका संगीता देवी की मौत भी सड़क दुर्घटना में 11 साल पहले हो गई थी। गांव में ही सरकारी स्कूल की शिक्षिका थी। 16 जून 2015 को बाइक से गिरकर उनकी मौत हो गई थी। जिसके बाद अनुकंपा पर पिता भूषण चौधरी को क्लर्क की नौकरी मिल गई।