भारतीय नौसेना में 33 साल तक देश की सेवा करने वाले रिटायर्ड कैप्टन दुष्मंत कुमार जेना अब नशामुक्त भारत का संदेश लेकर साइकिल यात्रा पर निकले हैं। ओडिशा के रहने वाले कैप्टन जेना ने शनिवार को जबलपुर के ग्वारीघाट से करीब 3 हजार किलोमीटर लंबी यात्रा शुरू की। इस दौरान वे मां नर्मदा की परिक्रमा पूरी करने के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करेंगे।
कैप्टन जेना ने ग्वारीघाट पर मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और इसके बाद साइकिल से यात्रा शुरू की। उनका कहना है कि आज की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रही है। यह समाज और देश के भविष्य के लिए चिंता का विषय है। इसी को देखते हुए उन्होंने अपनी नर्मदा परिक्रमा को नशामुक्ति के सामाजिक अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया है।
यात्रा के दौरान वे जिन शहरों, कस्बों और गांवों से गुजरेंगे, वहां स्थानीय लोगों, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। उन्हें नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताएंगे और फिटनेस व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
करीब 3 हजार किलोमीटर की इस यात्रा को 21 से 28 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके लिए उन्हें प्रतिदिन औसतन 100 से 130 किलोमीटर से अधिक साइकिल चलानी होगी। नौसेना में 33 साल की सेवा के दौरान मिले अनुशासन और प्रशिक्षण के अनुभव के साथ वे इस चुनौतीपूर्ण सफर पर निकले हैं।
यात्रा की शुरुआत के मौके पर ग्वारीघाट में स्थानीय नागरिकों, खेल प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और सकुशल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। कैप्टन जेना का यह अभियान नर्मदा परिक्रमा के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने की पहल है।