एमपी पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 9 दिसंबर से:7,500 पदों के लिए 7.5 लाख आवेदन; पहले 19 नवंबर से होने वाले थे एग्जाम

मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने आरक्षक (जीडी) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 की नई तारीख घोषित कर दी है। परीक्षा अब 9 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। इसके प्रवेश पत्र जल्द ही मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

पहले यह परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होनी थी, लेकिन पुलिस विभाग की एक अन्य परीक्षा के आयोजन और अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था।

हर पद के लिए औसतन 100 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला

पुलिस विभाग में कुल 7,500 आरक्षकों की भर्ती की जाएगी। इनमें 6,800 पद आरक्षक सामान्य ड्यूटी (विशेष सशस्त्र बल को छोड़कर) और 700 पद विशेष सशस्त्र बल (SAF) के हैं।

इन पदों के लिए प्रदेशभर से करीब 7.5 लाख युवाओं ने आवेदन किया है। यानी हर पद के लिए औसतन 100 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा।

PhD-इंजीनियरिंग वाले भी बनना चाहते हैं आरक्षक

भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता तय होने के बावजूद बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित युवाओं ने आवेदन किया है। इनमें पीएचडी धारक, बीई-बीटेक इंजीनियर, पोस्ट ग्रेजुएट और ग्रेजुएट अभ्यर्थी शामिल हैं।

इसके अलावा डिप्लोमा और आईटीआई पास युवाओं के साथ हायर सेकेंडरी, हाईस्कूल और आठवीं पास अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किया है।

आरक्षकों को गृह जिले में नहीं मिलेगी पोस्टिंग

भर्ती नियमों के अनुसार, चयनित आरक्षकों को उनके गृह जिले में पदस्थापना नहीं दी जाएगी। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को प्रदेश के 55 जिलों में से अपनी पसंद की यूनिट चुनने का विकल्प दिया गया था।

नियुक्ति के बाद संबंधित यूनिट में कम से कम 5 साल सेवा करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही ट्रांसफर हो सकेगा। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति भोपाल, इंदौर और जबलपुर की शासकीय रेल पुलिस (GRP) में भी की जाएगी।

परीक्षा केंद्रों पर आधार से बायोमेट्रिक सत्यापन

परीक्षा केंद्रों पर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा। परीक्षा एक से ज्यादा शिफ्ट में होने पर अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा।

मंडल ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश पत्र और परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।