LU में ब्रजेश पाठक ने छात्र-जीवन के किस्से साझा किए:बोले- टेंशन लेना नहीं, देना है; 106वें स्थापना दिवस में कई हस्तियां शामिल हुईं

लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- जब हम लोग विश्वविद्यालय में पढ़ने के लिए आते हैं, तो हमारे अंदर डर भरा रहता है। भविष्य को लेकर चिंता रहती है। इससे घबराना नहीं है। विश्वविद्यालय में टेंशन लेना नहीं, बल्कि देना है। हम लोग ऐसे बीज हैं जो पेड़ के अंदर पड़ने से उग आते हैं।

दरअसल, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक लखनऊ विश्वविद्यालय के 106वें स्थापना दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने कहा इसी यूनिवर्सिटी में भूखा सोया हूं। आज इसी यूनिवर्सिटी में हेलीकॉप्टर में बैठकर आता हूं। इसलिए छात्रों को बहुत चिंता करने की जरूरत नहीं है।

106वें स्थापना दिवस पर 9 एलुमिनाई को सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षा, प्रशासन, सेना और न्यायपालिका की हस्तियां पहुंची। इसके अलावा इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ के न्यायमूर्ति बृजराज सिंह, CRPF के डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव अनुपम कुमार समेत कई विशिष्ट अतिथि पहुंचे।