नोएडा में बंधक बनाकर रखे गए 164 विदेशी नागरिकों को छुड़ा लिया गया है। इनमें 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिक हैं। इन सबको पहले अच्छी नौकरी का लालच देकर बुलाया गया। फिर पासपोर्ट छीनकर उनसे जबरन साइबर ठगी कराई जा रही थी।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को नोएडा के सेक्टर 136 में चल रहे कॉल सेंटर पर छापा मारा। पुलिस ने यहां से 355 मोबाइल फोन, 175 से अधिक डेस्कटॉप और लैपटॉप के साथ कई सिम कार्ड बरामद किए। इनमें अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड भी शामिल हैं। लगभग 175 पासपोर्ट भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, सभी बिजनेस वीजा पर भारत आए थे। साइबर ठगी के इस मामले में एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। जबकि, 2 भारतीय नागरिक फरार हैं।
मलेशियाई नागरिक ने ई-मेल से शिकायत की थी
दिल्ली के ज्वाइंट सीपी (क्राइम) ने बताया- करीब एक हफ्ते पहले एक मलेशियाई नागरिक ने ई-मेल से शिकायत की थी। उसने बताया था कि उसके साथ साइबर फ्रॉड हुआ है। मामले की छानबीन करने पर नोएडा के 136 में कॉल सेंटर का पता चला।
भारत में अच्छी सैलरी का लालच देकर निशाना बनाते थे
उन्होंने बताया- रैकेट खासतौर पर इंडोनेशिया और मलेशिया के लोगों को भारत में अच्छी सैलरी और बेहतर करियर का लालच देकर निशाना बनाता था। भारत पहुंचने के बाद उन्हें बंधक बना लिया जाता था। उन्हें अकेले कहीं आने जाने नहीं दिया जाता था।
कॉल सेंटर तक लाने-ले जाने के लिए 40 कैब तैनात थीं
उन्होंने बताया- विदेशी नागरिकों को पेइंग गेस्ट (पीजी) आवासों में रखा गया था। उन्हें घटिया खाना दिया जाता था। फ्रॉड करने से इनकार करने वालों से मारपीट की जाती थी। आवास से कॉल सेंटर तक लाने-ले जाने के लिए 40 कैब तैनात थीं। ताकि, उनकी हर हरकत पर नजर रखी जा सके।
फ्रॉड को अंजाम देने के लिए खास ट्रेनिंग दी गई थी
पुलिस के मुताबिक, विदेशी नागरिकों को साइबर फ्रॉड के एक खास पैटर्न की ट्रेनिंग दी गई थी। फ्रॉड के लिए एक स्क्रिप्ट दी गई थी। ऑपरेटर फर्जी महिला पहचान और सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर इंडोनेशिया और मलेशिया के भोले-भाले लोगों से संपर्क करते थे।
उनसे बातचीत कर दोस्ती बढ़ाते थे। एक बार जब उन्हें अपने टारगेट का भरोसा मिल जाता था, तो वे उन्हें फर्जी ट्रेडिंग और निवेश प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश करने के लिए मनाते थे।
भारतीय हैंडलरों के नाम आए सामने
जांच में जेंटट्रिक्स और क्वांटवोरो जैसे फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म और एपीके आधारित ऐप के इस्तेमाल का पता चला है। नेटवर्क में भारतीय हैंडलर सुनील कुमार और सुशील कुमार की भूमिका भी सामने आई है। दोनों अभी फरार हैं।
मौके से मलेशियाएक के नागरिक तन गुआन वेई (25) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ करने में जुटी है। एजेंसियां पता लगा रही हैं कि वे किस उद्देश्य से भारत आए थे और क्या वीजा की शर्तें उनके वास्तविक काम के अनुरूप थीं। बुलाने वाली कंपनी व एजेंटों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बिना पुलिस सत्यापन पीजी में रह रहे थे
जांच में पता चला है कि विदेशी नागरिकों को सेक्टर- 136 के एक पीजी में बिना पुलिस सत्यापन के रखा गया था। इस संबंध में पीजी संचालक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस विदेशी नागरिकों के ठहरने, उनके दस्तावेज और संचालक की भूमिका की जांच कर रही है। पीजी को सील करने की कार्रवाई की जा रही है।