‘पति घुड़दौड़ देखने गए, इंस्टाग्राम से मौत की सूचना मिली’:अनंत सिंह की बेटी की शादी में बुजुर्ग की मौत, पत्नी बोली-शिवांगी को शगुन देना चाहते थे

‘मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में घुड़दौड़ के दौरान बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल के रहुआ गांव के अधेड़ की मौत हो गई। हालांकि, परिजन ने पोस्टमॉर्टम कराए बिना गुरुवार को बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कर दिया। उनकी मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ पाई है।

मेरे पति अनंत सिंह की बेटी की शादी देखने गए थे। उन्हें घुड़दौड़ देखने का शौक था। उन्होंने शादी के लिए अपने पास कुछ पैसे भी जमा किए थे, काफी दिनों से वे मुझसे शादी में जाने की बात करते थे।

जब पति बुधवार को दिन के 10 बजे निकले, करीब चार घंटे बाद यानी दोपहर दो बजे से मैंने फोन करना शुरू किया। पति का फोन रिसीव नहीं हुआ। मुझे लगा कि वे घुड़दौड़ देख रहे होंगे, शोर के बीच उन्हें मोबाइल की घंटी सुनाई नहीं दे रही होगी। मैंने करीब 8 घंटे तक कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। रात करीब 10 बजे किसी ने फोन उठाया तो मौत की सूचना दी।’

दैनिक भास्कर से बातचीत में रहुआ गांव की रहने वाली 50 साल की कृष्णा देवी ने ये बातें कही। दरअसल, सुधा देवी के पति 55 साल के अरविंद सिंह की बुधवार को शिवांगी की शादी से पहले आयोजित घुड़दौड़ के दौरान मौत हो गई थी।

सबसे पहले पढ़िए बुजुर्ग की पत्नी ने क्या-क्या बताया?

कृष्णा देवी ने बताया कि मेरे पति अरविंद सिंह अक्सर मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी की चर्चा करते थे। विधायक की बेटी शिवांगी की शादी में जाने का पति को काफी दिन से मन था।

उन्होंने शादी में जाने के लिए अपने पास 2300 रुपए जमा किए थे। शादी वाले दिन यानी बुधवार को जब जाने की कोई बेहतर व्यवस्था नहीं हुई तो पति ने कहा कि अब लगता है, शायद नहीं जा पाऊंगा। वे घर पर ही तैयार होकर बैठे रहे।

कुछ देर बाद यानी सुबह 10 बजे गांव के कुछ लोग मेरे घर पहुंचे और बताया कि हम लोग अनंत सिंह की बेटी में नदवां गांव जा रहे हैं, हमारे साथ करीब 15 से 20 लोग हैं। ये सुनते ही मेरे पति नदवां गांव जाने के लिए तैयार हो गए। उन्होंने जाते वक्त कहा कि अनंत सिंह की बेटी को शगुन के तौर पर कुछ रुपए दूंगा।

‘आठ घंटे बाद पति की मौत की जानकारी मिली’

कृष्णा देवी ने बताया कि पति को दोपहर दो बजे से कॉल कर रही थी। वे फोन रिसीव नहीं कर रहे थे। मुझे लगा कि घुड़दौड़ में शोर के बीच रिंग नहीं सुन पा रहे होंगे। रात करीब 10 बजे जब फोन रिसीव हुआ तो किसी अनजान युवक ने उठाकर बताया कि मोबाइल वाला व्यक्ति अस्पताल में भर्ती है।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान बाढ़ के पास सालिमपुर गांव में रहने वाली मेरी बहन अन्नपूर्णा देवी इंस्टाग्राम पर रील देख रही थी। एक वीडियो में उसने देखा कि भारी भीड़ के बीच एक शख्स जमीन पर गिरा है। लोग उसके ऊपर से गुजर रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर ले जा रहे हैं। चेहरा देखा तो उसने स्क्रीनशॉट लेकर हम लोगों को भेजा।

इसके बाद सालिमपुर से कुछ लोग बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां मेरे पति का शव पड़ा मिला।

घर-घर जाकर ट्यूशन पढ़ाते थे अरविंद सिंह

पत्नी कृष्णा देवी ने बताया कि मेरे पति पेशे से प्राइवेट टीचर थे। वे गांव के बच्चों के घर जाकर ट्यूशन पढ़ाते थे। उनकी कमाई से ही घर-परिवार का गुजारा होता था। हमारी दो बेटियां और दो बेटे हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटों में बड़ा 23 साल का देवव्रत कुमार और छोटा बेटा 20 साल प्रियव्रत है। दोनों अभी पढ़ाई करते हैं।

अब समझिए कि बुजुर्ग अरविंद सिंह की मौत कैसे हुई

अरविंद सिंह की पत्नी की छोटी बहन अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि मैं बुधवार की शाम को इंस्टाग्राम पर रील देख रही थी। रील अनंत सिंह की बेटी की शादी में आयोजित घुड़दौड़ का था। घुड़दौड़ के दौरान दर्शकों के बीच एक अधेड़ के गिरने का विजुअल दिखा।

मैंने पहचान लिया कि ये मेरे जीजा हैं। मैंने तत्काल स्क्रीनशॉट लेकर गांव के किसी पड़ोसी को भेजा। इसके बाद मेरे घर से कुछ लोग बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां जीजा की लाश मिली।

हालांकि, अरविंद सिंह की मौत की वजह क्या है, इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। बाढ़ अनुमंडल पहुंचे अरविंद सिंह के बेटों और अन्य परिजन ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए लाश को घर ले आए। गुरुवार दोपहर बाद अरविंद सिंह का साहेबपुर कमाल के मुंगेर घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।