Congress Manifesto: प्रियंका गांधी वाड्रा आज जारी करेंगी ‘उन्नति विधान’, घोषणा पत्र में दोहराये जा सकते छत्तीसगढ़ के प्रयोग

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस पार्टी बुधवार को अपना घोषणापत्र जारी करेगी। पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर ‘उन्नति विधान’ नामक यह घोषणापत्र जारी करेंगी। इस घोषणापत्र में पार्टी ने प्रदेश की तरक्की का खाका खींचा है। घोषणापत्र के जरिये कांग्रेस छत्तीसगढ़ में अपनाये गए प्रयोगों को उत्तर प्रदेश में दोहराने की कोशिश भी करेगी। इससे पहले कांग्रेस महिलाओं और युवाओं के लिए अलग-अलग घोषणापत्र जारी कर चुकी है।

महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस मुखर रही है। कांग्रेस यूपी चुनाव को लेकर अपने घोषणापत्र में इन समस्याओं से निजात दिलाने के लिए कुछ वादे कर सकती है। कांग्रेस ने सबका बिजली बिल आधा और कोरोना काल का बकाया माफ करने का वादा किया है। पार्टी की ओर से किसानों को धान व गेहूं का समर्थन मूल्य 2500 रुपये प्रति क्विंटल देने की घोषणा की जा चुकी है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कह चुके हैं कि यदि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो निराश्रित पशुओं की समस्या के निराकरण के लिए उनके राज्य की तर्ज पर यहां भी गोधन न्याय योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत किसानों से सरकार दो रुपये प्रति किलो की दर से किसानों से गोबर खरीदती है। गोबर से तैयार की गई वर्मी कंपोस्ट किसानों को सस्ती दर पर उपलब्ध कराई जाती है।

कांग्रेस ने पिछले लोकसभा चुनाव में अपने घोषणापत्र में न्यूनतम आय (न्याय) योजना का ऐलान किया था। इसके तहत देश के पांच करोड़ गरीब परिवारों को सरकार की ओर से 6000 रुपये प्रति माह देने की बात कही गई थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गोवा और उत्तराखंड में भी न्याय योजना को लागू करने का वादा किया है। उत्तर प्रदेश के लिए पार्टी की ओर से जारी किये जाने वाले घोषणापत्र में भी इसे शामिल किया जा सकता है।