अमीरों में चौथे नंबर पर अडाणी:नेटवर्थ बढ़कर 9.2 लाख करोड़ हुई, माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स को पीछे छोड़ा

अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स को पछाड़ कर दुनिया के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। फोर्ब्स की अमीरों की लिस्ट के अनुसार अडाणी 115.4 अरब डॉलर (करीब 9.2 लाख करोड़ रुपए) हो गई है जबकि गेट्स की नेटवर्थ 104.2 अरब डॉलर (करीब 8.3 लाख करोड़ रुपए) है। यानी दोनों की नेटवर्थ में करीब 11 अरब डॉलर का अंतर है।

एशिया के भी सबसे अमीर व्यक्ति अडाणी
इस साल 4 अप्रैल को अडाणी 100 अरब डॉलर के क्लब में शामिल हुए थे। वह एशिया के भी सबसे अमीर व्यक्ति है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी फोर्ब्स की लिस्ट में 10वें नंबर पर है। बिजनेस टाइकून अडाणी अब केवल 3 लोगों से पीछे है। टेस्ला के फाउंडर एलन मस्क, लुई वुइटन के CEO बर्नार्ड बर्नार्ड अर्नाल्ट और अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस। अडाणी ग्रुप के शेयर की कीमतों में आई तेजी से वो चौथे नंबर पर पहुंचे हैं।

​​​​दुनिया के टॉप 10 अमीर

अप्रैल 2021 में 57 अरब डॉलर थी अडाणी की नेटवर्थ
अडाणी 4 अप्रैल को सेंटीबिलियनेयर्स क्लब में शामिल हुए थे। 100 अरब डॉलर से ज्यादा की नेटवर्थ वाले व्यक्तियों को सेंटीबिलियनेयर कहा जाता है। इससे एक साल पहले यानी अप्रैल 2021 में अडाणी की नेटवर्थ 57 अरब डॉलर थी। अडाणी ग्रुप की सात पब्लिकली लिस्टेड कंपनीज है, जिनका कंबाइन्ड मार्केट कैपेटलाइजेशन 200 अरब डॉलर से ज्यादा है। नेटवर्थ के हिसाब से अडाणी एशिया में पहले और मुकेश अंबानी दूसरे नंबर पर है।

अडाणी ग्रुप के स्टॉक्स में शानदार तेजी
अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों ने पिछले 2 साल में शानदार प्रदर्शन किया है। अडाणी ग्रुप के कुछ स्टॉक्स तो दो साल में 600% से ज्यादा बढ़े हैं। वित्त वर्ष 2021-2022 में दुनिया में अडाणी की नेटवर्थ सबसे तेजी से बढ़ी है। अडाणी ने 2021 में सबसे ज्यादा कमाई करते हुए लगभग 49 अरब डॉलर अपनी नेट वर्थ में जोड़े। यानी अडाणी ने हर हफ्ते करीब 6,000 करोड़ रुपए कमाए।

अडाणी ग्रुप के स्टॉक्स

आज यानी 21/07/22 को भी अडाणी के स्टॉक्स में तेजी देखी जा रही है।