हरियाणा भाजपा ने अपना मिशन 2024 शुरू कर दिया है। उम्रकैद की सजा काट रहे राम रहीम के ऑनलाइन सत्संग में डेरा प्रेमियों के साथ अब भाजपा के विधायक और मेयर भी राजनीतिक हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं। करनाल मेयर के बाद अब हिसार मेयर गौतम सरदाना की पत्नी ने ऑनलाइन सत्संग में राम रहीम से चुनावी आशीर्वाद लिया।
हिसार के राजगढ़ रोड पर एक निजी रिजॉर्ट में हरियाणा के डिप्टी स्पीकर और नलवा के विधायक रणबीर गंगवा भी पहुंचे। रणबीर गंगवा पहले से डेरे से जुड़े हुए हैं। वर्चुअल संवाद के दौरान डेरा मुखी ने डिप्टी स्पीकर को पहचान लिया।
फिजिकल दर्शन कब देंगे : डिप्टी स्पीकर
रणबीर गंगवा ने कहा कि आपके चरणों में विनती है कि संगत के ऊपर आशीर्वाद बनाए रखें। जहां सारा प्रशासन फेल हो जाता है, वहां पर आशीर्वाद से मानवता की सेवा के अंदर खड़े मिलते हैं। आप खुद मालिक है, आप कब वर्चुअल की बजाय फिजिकल आकर दर्शन देंगे। आपने मार्गदर्शन दिया है कि जो दृढ़ यकीन रखते हैं, उनके घरों में कमी नहीं आती।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि डेरा छोटा पड़ गया था, इसलिए रिजॉर्ट में आए है। मेरा संबंध तो जन्म से ही डेरे से है। शाह मस्ताना जी ने गंगवा में 1960 में डेरा बनाया था। 1964 में मेरा जन्म हुआ और आपके आशीर्वाद से कोई कमी नहीं रही। मैं खुद 5 मेंबरी कमेटी के रूप में काम करता रहा हूं। राजनीति में आकर सेवा करने का आशीर्वाद दिया। आपके आशीर्वाद से सफलता मिली है। इसके बाद पार्षद पिंकी शर्मा ने भी नामदान लिया।
दर्शन करने का सौभाग्य मिला
हिसार के मेयर गौतम सरदाना की पत्नी ने कहा कि मेयर साहब आज बाहर गए है। इसलिए मुझे आपके दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। तब राम रहीम ने कहा कि मेयर साहब से कहेंगे कि आपको लेकर आया करेंगे। जब बेटा आ सकता है तो बेटी क्यों नहीं। इसके बाद सरपंच और ग्राम पंचायत सदस्यों ने आशीर्वाद लिया।
सत्संग के दौरान राम रहीम ने खुद की बनाई पुस्तिका ‘गेस माई नेम’ में से नए बच्चों का नाम चुनने का संदेश दिया। यह पुस्तिका राम रहीम ने जेल में रहते हुए लिखी है।
हरियाणा में पानीपत, हिसार, करनाल, यमुनानगर और रोहतक नगर निगमों का 5 साल का कार्यकाल अगले साल पूरा होने जा रहा है। इन निगमों के चुनाव दिसंबर 2023 में है और जनता सीधे मेयर चुनती है। ऐसे में भाजपा ने मेयर चुनावों के लिए डेरा प्रेमियों पर अभी से डोरे डालना शुरू कर दिया है। बता दें कि दो दिन पहले करनाल मेयर रेणु बाला, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर ने राम रहीम से वर्चुअल आशीर्वाद लिया।
डेरा प्रेमियों की नाराजगी दूर करना चाहती है भाजपा
डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को CBI कोर्ट ने 2017 में साध्वी यौन शोषण मामले में 20 साल की सजा सुनाई। सजा सुनाए जाने से नाराज डेरा प्रेमियों ने पंचकूला और सिरसा में आगजनी शुरू कर दी। पंचकूला और सिरसा में दंगे भड़क गए।
पुलिस की गोली से करीब प्रदेश में 32 प्रेमियों की मौत हुई। प्रेमियों पर केस भी दर्ज किए गए। इसके बाद राम रहीम को रणजीत हत्याकांड और पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में भी सजा हुई। डेरा प्रेमी इसके लिए भाजपा को दोषी ठहराते आए है। भाजपा मिशन 2024 से पहले प्रेमियों की नाराजगी दूर करना चाहती है।
राम रहीम को 1 साल में 90 दिन की पैरोल
राम रहीम अगस्त 2017 से हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। राम रहीम को पहले मेडिकल जांच के बहाने PGI रोहतक और गुरुग्राम में बीमार मां से मिलाने के लिए ले जाया जाता रहा है। राम रहीम को इसी साल पंजाब चुनाव से ठीक पहले 7 फरवरी को 20 दिन की फरलो मिली थी।
इसके बाद 17 जून को राम रहीम 30 दिन की पैरोल मिली थी और वह यूपी के बागपत आश्रम में रुका था। अब अक्टूबर 2022 में राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिली है। अब हरियाणा के आदमपुर उप चुनाव, पंचायती चुनाव और हिमाचल प्रदेश के नंवबर 2022 में चुनाव होने जा रहे हैं। इससे ठीक पहले राम रहीम बाहर आ गया है।
नकली कहने पर छलका राम रहीम का दर्द:ऑनलाइन सत्संग में बोला- मैं असली हूं; पंचायत चुनाव के कैंडिडेट्स को आशीर्वाद भी दिया
यौन शोषण और मर्डर केस में सजा काट रहे बाबा राम रहीम का दर्द बुधवार को छलक पड़ा। श्रद्धालुओं के साथ ऑनलाइन सत्संग में डेरा मुखी ने इसका जिक्र करते हुए कहा कि हम वहीं हैं, दूसरे नहीं हैं। हम असली हैं। हम अपना प्रूफ नहीं दे रहे, हम केवल अपने बच्चों को याद दिलाना चाहते हैं, लेकिन कई कहते कि मैं क्यों मानूं
हरियाणा की चुनावी जंग में राम रहीम की ‘एंट्री’:आदमपुर उपचुनाव और पंचायत चुनावों से पहले डेरा मुखी को 40 दिन की पैरोल मिली