राम रहीम को पैरोल देने का विरोध:दिल्ली महिला आयोग चेयरपर्सन ने उठाए सवाल, बोलीं- हरियाणा सरकार डेरा प्रमुख की भक्ति में लीन

डेरा प्रमुख राम रहीम की पैरोल का दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने विरोध किया। इसको लेकर उन्होंने ट्विटर पर एक ट्वीट किया, जिसमें स्वाति मालीवाल ने हरियाणा सरकार को राम रहीम की भक्ति में लीन बताया।

राम रहीम को बलात्कारी बताते हुए स्वाति मालीवाल ने कहा कि वह एक हत्यारा और दुष्कर्मी है। हरियाणा सरकार का जब मन करता है, वे उसे पैरोल पर छोड़ देती है। इस बार राम रहीम पैरोल पर रह कर जगह- जगह सत्संग कर रहा है। इस सत्संग में हरियाणा के विधानसभा उपाध्यक्ष और प्रदेश के मेयर शामिल हो रहे हैं।

गुरमीत की पैरोल खत्म करे
उन्होंने आगे लिखा कि कोर्ट ने गुरमीत राम रहीम को रेप और हत्या के जुर्म में उम्रकैद की सजा दी है। क्यों ऐसे खतरनाक शख्स को बार-बार पैरोल दी जा रही है। वह पैरोल में प्रवचन और गाने बनाता है और हरियाणा सरकार के कुछ नेता ताली बजाते हैं, भक्ति में लीन है। हरियाणा सरकार तुरंत गुरमीत की पैरोल खत्म करे।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने साधी चुप्पी
राम रहीम की पैरोल पर जहां दिल्ली महिला आयोग ने कटाक्ष किया है, वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग और हरियाणा महिला आयोग ने इस पर कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की। राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिली हुई है।
आप के सतेंद्र सिंह चुनावी उम्मीदवार
हरियाणा में आदमपुर उपचुनाव के लिए मतदान 3 नवंबर को रहा है। उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सतेंद्र सिंह भी खड़े हैं। ऐसे में राम रहीम के खिलाफ स्वाति मालीवाल का बयान उसके भक्तों को नाराज कर सकता हैं। क्योंकि डेरे की पॉलिटिकल विंग चुनावों में पार्टी का समर्थन करती आ रही है। हालांकि पिछले कुछ सालों से विंग का झुकाव भाजपा की ओर रहा है।