जन आक्रोश यात्रा को लेकर नेता प्रतिपक्ष कटारिया की पीसी:कहा- अपनी कुर्सी बचाने के लिए सीएम ने विधायकों दी खुली छूट

गहलोत सरकार के इस कार्यकाल को विफल बताते हुए एक दिसंबर से सभी 200 विधानसभा में जिला एवं मंडल स्तर पर जन आक्रोश रथ यात्रा निकाली जाएगी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से जन जागरण अभियान के तहत ये आयोजन होगा। उदयपुर भाजपा शहर एवं देहात जिला की संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन भाजपा कार्यालय में हुआ। नेता प्रतिपक्ष एवं शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया ने सीएम अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने अशोक गहलोत एवं सचिन पायलट के बीच चल रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि कल तक जिसके साथ बैठकर जीत के जश्न मनाये जा रहे थे उसके लिए गद्दार का उपयोग करना सरासर गलत है।

कटारिया ने कहा कि राज्य की गहलोत सरकार का राजस्थान में यह राज जंगलराज की तरह है। सरकार में प्रशासन की जगह प्रशासन की जगह कुशासन नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि गहलोत ने अपनी कुर्सी बचाने के चक्कर में सभी विधायकों और मंत्रियों को खुली छूट दे दी है। इसी वजह से हर जिले में स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। उन्होंने ये भी कहा कि अशोक गहलोत के इन चार सालों में हर वर्ग का लोग परेशान है। किसानों को बिजली नहीं मिल रही है तो सरकार सरचार्ज के नाम से जेबें भर रही है। विद्यार्थियों को स्कूल में सुविधा नहीं मिल रही है तो पढ़ाई के बाद परीक्षाओं में उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे है। विद्या संबल योजना को लेकर कटारिया ने कहा कि युवाओं से आवेदन के नाम पर परेशान कर सरकार ने ऐन वक्त पर योजना ही रद्द कर दी। अगर ऐसा करना था तो क्यों युवाओं को बेवकूफ बनाया।

मर्यादा लांघने वालों की ली क्लास
इस दौरान गुलाबचंद कटारिया मर्यादा लांघने वाले कांग्रेसियों पर भी जमकर बिफरे। उन्होंने कहा कि बेंगू विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी खुलेआम कर्मचारियों को धमका रहे हैं, जबकि आए दिन कांग्रेस के नेता और जनप्रतिनिधि अधिकारी-कर्मचारियों को थप्पड़ जड़ रहे है। ये उनकी विफलता नहीं तो और क्या है। हालांकि वो इस बीच भूल गए कि वो हमेशा विवादों में रहते है और कई बार माफी भी मांग चुके है। वही हाल ही चित्तौड़गढ़ सांसद ने एक कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया था, उस पर कटारिया कुछ नहीं बोले। इस दौरान नगर निगम में चल रहे वाहनों के कबाड़ होने के मामले को लेकर उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि मेरा कार्यकर्ता हो चाहे और गलती करेगा वो बख्शा नहीं जाएगा।

कटारिया ने कहा कि राज्य की गहलोत सरकार 5 साल पूरा करेगी ऐसा मुझे लगता नहीं है। उन्होंने कहा कि विधायकों के इस्तीफे विधानसभा स्पीकर के पास रखे हुए हैं, ऐसे में स्पीकर भी उन स्थितियों को लेकर कोई राय बना सकते हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात का दौरा कर रहे हैं। वे मीडिया से मिलकर वापस लौट आते हैं। गुजरात में सिर्फ बयानबाजी करके मुख्यमंत्री बिना फील्ड में होकर वापस राजस्थान आ जाते हैं। कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात में बीजेपी मुक्त गुजरात बना रहे हैं।