बिहार चुनाव, कांग्रेस की आज पटना में बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस:25 सीटों पर उम्मीदवार तय किए, सीट बंटवारे को लेकर बड़ा ऐलान संभव

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन में सीटों के बंटवारे का पेंच फंसा हुआ है। इसी बीच आज दोपहर 3 बजे कांग्रेस ने पटना स्थित सदाकत आश्रम में एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है।

इस प्रेसवार्ता में राज्यसभा सांसद जयराम रमेश, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी, बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता डॉ शकील अहमद खान, विधान परिषद में कांग्रेस के नेता डॉ मदन मोहन झा और राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस ने 25 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम किए तय

कल कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक थी, जिसमें बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 25 सीट पर उम्मीदवारों का नाम तय कर लिया गया है। कांग्रेस का यह कदम न सिर्फ सीट बंटवारे को लेकर राजद पर दबाव बढ़ाने वाला है। बल्कि यह संकेत भी देता है कि यदि उसकी शर्तों पर सहमति नहीं बनती है तो वह पहले चरण की सीटों पर अपने प्रत्याशियों की एकतरफा घोषणा कर सकती है।

इस मीटिंग में कांग्रेस का मुख्य फोकस यह रहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक स्थिति को सिर्फ सहयोगी दल तक सीमित न रखे, बल्कि गठबंधन में निर्णायक भूमिका निभाए।

कांग्रेस लीडर आज लालू-तेजस्वी से कर सकते हैं मुलाकात

दूसरी ओर मीटिंग में शीर्ष नेतृत्व ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी को अपनी सीटों पर निर्णय लेने की स्वतंत्रता बरकरार रखनी चाहिए। हालांकि, सहयोगियों के साथ तालमेल बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।

इसलिए आज कांग्रेस के सीनियर लीडर पटना आ रहे हैं। सीटों की उलझनों को दूर करने के लिए अशोक गहलोत, जयराम रमेश, भूपेश बघेल आज राजद सुप्रीमो लालू यादव और तेजस्वी से मुलाकात कर सकते हैं।