भूपेंद्र आज गुजरात के 18वें CM की शपथ लेंगे:16 विधायक मंत्री बन सकते हैं, 12 के पास फोन पहुंचा; हार्दिक पर संशय

62 साल के भूपेंद्र पटेल सोमवार को दोपहर 2 बजे गुजरात के 18वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वे पाटीदार समुदाय से इकलौते ऐसे नेता हैं, जो लगातार दूसरी बार CM बन रहे हैं। उन्हें 15 महीने पहले विजय रुपाणी की जगह राज्य की जिम्मेदारी दी गई थी। शपथ ग्रहण समारोह गांधीनगर सचिवालय के हेलीपैड ग्राउंड में होगा। भाजपा ने हाल के विधानसभा चुनाव में 182 सीटों में से 156 जीतीं।

शपथ ग्रहण में PM मोदी के अलावा भाजपा शासित राज्यों के ज्यादातर CM शामिल होंगे। इनके अलावा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। इनमें से ज्यादातर नेता रात में ही अहमदाबाद पहुंच गए हैं। इसके अलावा दो हजार से अधिक कार्यकर्ता तथा साधु-संत और महंत समेत अन्य लोग शामिल रहेंगे।

लाइव अपडेट्स:

  • यूनियन मिनिस्टर सर्बानंद सोनोवाल ने कहा- गुजरात की जनता को धन्यवाद। PM मोदी के नेतृत्व में गुजरात इतिहास रचेगा।
  • असम के CM हेमंत बिस्वा सरमा ने अभूतपूर्व जीत के लिए गुजरात की जनता को धन्यवाद दिया।

PM मोदी रविवार देर रात अहमदाबाद पहुंचे

12 विधायकों के पास फोन जा चुके
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 16 विधायकों का मंत्री बनना तय माना जा रहा है। इनमें 12 विधायकों के फोन जा चुके हैं। इनमें हर्ष संघवी, मुकेश पटेल, पुरुषोत्तम सोलंकी, बलवंत सिंह राजपूत, मोलूभाई बेरा, भानुबेन बाबरिया, बचु खाबड़, कुबेर डिडोर, जगदीश विश्वकर्मा, भीखू परमार, देवा मालूम, प्रफुल्ल पानसेरिया, ऋषिकेश पटेल, कनुभाई देसाई, राघवजी पटेल, कुंवरजी बावलिया हैं। हार्दिक पटेल के नाम पर अभी संशय बना हुआ है।

गुजरात में भाजपा का 156 सीटों की जीत का नया रिकॉर्ड

गुजरात में भाजपा ने 182 विधानसभा सीटों में से 156 सीटों के साथ जीत का नया रिकॉर्ड बनाया है। कांग्रेस ने 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में 149 विधानसभा सीटें जीती थीं। वहीं, नरेंद्र मोदी के CM रहते भाजपा ने 2002 के चुनाव में 127 सीटें जीती थीं। इस जीत के साथ भाजपा ने दोनों रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

भाजपा को इस बार 2017 के मुकाबले 58 सीटों का फायदा हुआ है। वहीं, कांग्रेस को सबसे ज्यादा 60 सीटों का नुकसान हुआ है। पार्टी ने पिछली बार 77 सीटें जीती थीं। इस बार उसे 17 सीटें ही मिली हैं। आम आदमी पार्टी ने 5 सीटें जीती हैं। निर्दलीय को तीन और सपा को एक सीट पर जीत मिली है।

गुजरात में पाटीदार कम्युनिटी का दबदबा
राज्य में पाटीदार कम्युनिटी का दबदबा है। 12-14% आबादी के बावजूद पाटीदार 61 सीटों पर प्रभावी है। इनमें 55 सीटें भाजपा जीती है। AAP ने OTP कार्ड खेला था। यानी OBC, ट्राइबल और पाटीदार। सिर्फ ट्राइबल इलाके में ही आप सेंधमारी कर सकी है। यहां कांग्रेस को बाहर कर दिया।