क्रिकेटर शाहबाज नदीम ने रिटायरमेंट लिया:रांची में किया था टेस्ट डेब्यू, फर्स्ट क्लास में 542 विकेट; विदेशी टी-20 लीग खेलते रहेंगे

भारत के लेफ्ट आर्म स्पिनर शाहबाज अहमद ने इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया है। 34 साल के लेफ्ट आर्म स्पिनर अब विदेश की टी-20 लीग में हिस्सा लेना चाहते हैं। इंडियन क्रिकेट से रिटायरमेंट के साथ ही वह अब लीजेंड्स क्रिकेट के टी-20 टूर्नामेंट भी खेल सकेंगे।

नदीम झारखंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते थे, उन्होंने रांची में ही 2019 के दौरान टेस्ट डेब्यू किया था। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 542 विकेट भी हैं।

भारत के बाहर खेलना चाहते हैं नदीम
रिटायरमेंट के बाद नदीम ने कहा, ‘मैं लम्बे समय से रिटायरमेंट के बारे में सोच रहा था, अब मैंने तीनों फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है। मुझे हमेशा से लगता है कि अगर आपमें टीम इंडिया के लिए खेलने की मोटिवेशन है तो आप लम्बे समय तक घरेलू क्रिकेट में खुद को पुश करते हैं।

अब मुझे इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के ज्यादा मौके नजर नहीं आते, युवाओं को अब ज्यादा मौके भी मिलेंगे। मैं देश के बाहर विदेश की टी-20 लीग में भी खेलने की ओर ध्यान दे रहा हूं।

मैं फैसले लेते वक्त इमोशंस को हमेशा अलग रखता हूं। झारखंड के लिए मैं 20 साल से क्रिकेट खेल रहा हूं। हमने रणजी ट्रॉफी का खिताब भले न जीता हो, लेकिन एक स्ट्रॉन्ग टीम जरूर बना दी है जो हर 2-3 साल में घरेलू टूर्नामेंट के नॉकआउट में पहुंच जाती है। अब कोई भी झारखंड टीम को हल्के में नहीं लेता।’

IPL और घरेलू टीम को धन्यवाद दिया
नदीम ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर रिटायरमेंट की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘सभी को धन्यवाद देते हुए मैं भारतीय क्रिकेट से संन्यास लेता हूं। साल 2002 में बिहार की अंडर-14 क्रिकेट टीम में सिलेक्ट होने से 2024 तक का सफर खूबसूरत रहा।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड, झारखंड क्रिकेट, धनबाद क्रिकेट, मुंबई इंडियंस, दिल्ली डेयरडेविल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपरजायंट्स को मैं धन्यवाद देता हूं। जिन्होंने मुझे अपनी टीम से खेलने का मौका दिया।’

15 साल की उम्र में किया था रणजी डेब्यू
शाहबाज नदीम ने 15 साल की उम्र में झारखंड के लिए घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया था। हालांकि, उन्हें भारत के लिए डेब्यू करने में 15 साल और लग गए। 2019 में नदीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने होम ग्राउंड रांची में डेब्यू किया। 2 साल बाद उन्होंने एक और टेस्ट खेला, जो उनके करियर का आखिरी टेस्ट रहा।

नदीम ने 2011 में दिल्ली डेयरडेविल्स टीम से IPL डेब्यू किया। 2018 तक वह इसी टीम के लिए खेलते रहे। 2019 से 2021 तक उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए IPL खेला। 2022 में उन्हें लखनऊ सुपरजायंट्स ने खरीदा, लेकिन एक भी मैच नहीं खिलाया। उनके नाम 72 IPL मैचों में 48 विकेट हैं।

2 सीजन तक रणजी के टॉप विकेट टेकर रहे
नदीम 2015-16 और 2016-17 के रणजी ट्रॉफी सीजन में टॉप विकेट टेकर रहे थे। उन्होंने दोनों सीजन मिलाकर कुल 106 विकेट झटके थे। 2018-19 की विजय हजारे ट्रॉफी में नदीम ने 24 विकेट लिए, इस दौरान उन्होंने राजस्थान के खिलाफ रिकॉर्ड 10 रन देकर 8 विकेट झटक लिए थे। लिस्ट-ए क्रिकेट में यह एक भारतीय रिकॉर्ड है।

नदीम से पहले इस सीजन झारखंड के सौरभ तिवारी और वरुण आरोन ने भी रिटायरमेंट ले लिया। हालांकि, वरुण लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट खेलते रहेंगे। झारखंड के लिए महेंद्र सिंह धोनी और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी भी इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं।