8 और 9 अप्रैल को प्री-मानसून बारिश:धूल भरी आंधी चलेगी, पूर्वी यूपी में बारिश का अलर्ट; प्रयागराज 41 डिग्री के साथ सबसे गर्म

यूपी में लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी यूपी में 8 और 9 अप्रैल को गरज चमक के साथ बारिश के आसार हैं। बादलों की आवाजाही पूरे यूपी में बनी हुई है। इससे दिन में कड़ी धूप से थोड़ी राहत मिल रही है। लेकिन बादलों की वजह से रातें गर्म होने लगी है। पूरे माह ये स्थितियां बनी रह सकती हैं।

प्रयागराज सबसे गर्म शहर
औसत अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। हालांकि तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी जारी है। बीते एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 7 डिग्री तक बढ़ गया है। वहीं प्रदेश में प्रयागराज सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्री-मानसून गतिविधियों की संभावना
सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक धूल भरी आंधी और गरज वाले बादलों के साथ कहीं-कहीं मामूली रूप में प्री मानसून की गतिविधियां होने की भी संभावना बनी रहेंगी। अगले 5 दिनों तक यूपी में हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते मैदानी भागों में मॉश्चर फीड आ रहा है। बंगाल की खाड़ी, अरब सागर से कई विक्षोभ आ रहे हैं। इसकी वजह से नम हवाएं लगातार आ रही है। इससे हाई क्लाउड भी बन रहे हैं।

पूर्वी यूपी के इन जिलों में बारिश के आसार
8 अप्रैल को चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, जौनपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर और बलिया। वहीं 9 अप्रैल को मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं।

मौसम विज्ञानी के मुताबिक भूमध्य सागर और अरब सागर से आने वाले हवाओं की वजह से नमी लगातार इस सीजन में भी बढ़ी हुई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो सामान्य तापमान से 3.5 डिग्री अधिक है। ये शनिवार को बढ़कर 3 डिग्री तक बढ़ गया है।

बीते दिनों का अधिकतम तापमान
1 अप्रैल- 37.0- सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक
2 अप्रैल- 37.2- सामान्य से 3 डिग्री अधिक
3 अप्रैल- 37.0- सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक
4 अप्रैल- 37.6- सामान्य से 2 डिग्री अधिक
5 अप्रैल- 38.0- सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक