राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज आएंगी अयोध्या:रामलला का दर्शन पूजन कर सरयू आरती में होंगी शामिल, हनुमानगढ़ी और कुबेरटीला भी जाएंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को पहली बार अयोध्या दौरे पर रहेंगी। सवा तीन घंटे राम नगरी में बिताएंगी। उनके आगमन से पहले राम नगरी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इससे पहले मंगलवार शाम को ही राष्ट्रपति कार्यालय की टीम अयोध्या पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

प्राण प्रतिष्ठा के बाद राष्ट्रपति द्रोपदी मूर्मू पहली बार अयोध्या आ रही है। सबसे पहले हनुमानगढ़ी जाएंगी, इससे बाद सरयू आरती में शामिल होंगी, राम मंदिर में रामलला का दर्शन पूजन करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी किया गया है।

4 बजे शाम को पहुंचेंगी एयरपोर्ट
राष्ट्रपति चार बजे दोपहर में महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उतरेंगी। एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आंनदी बेन पटेल उनका स्वागत करेंगी। राष्ट्रपति एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से होते हुए अयोध्या आएंगी।

सबसे पहले 4:50 बजे पर हनुमानगढ़ी में दर्शन पूजन करेंगी। 5:45 बजे पर सरयू घाट जाएंगी जहां सरयू आरती में शामिल होगी। 6:45 बजे श्री राम जन्मभूमि परिसर पहुंचेगी, जहां राम लला का दर्शन करेगी।

राष्ट्रपति 7:15 बजे कुबेर टीला पर पहुंचेगी। कुबेर टीला में दर्शन पूजन करेंगी। दर्शन पूजन के बाद महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रथम बार अयोध्या में आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम है। एयरपोर्ट से लेकर अयोध्या धाम तक चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल के जवानों की ड्यूटी लगा दी गई।

श्रद्धालुओं को परेशानी न हो इसके लिए भी पुलिस और प्रशासन की ओर से इंतजाम किए जा रहे है। राष्ट्रपति के आगमन पर राम नगरी में सभी प्रकार के वाहनों पर प्रवेश रहेगा।

राष्ट्रपति सरयू गेस्ट हाउस में करेंगी डिनर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अयोध्या दौरे के दौरान सरयू गेस्ट हाउस में थोड़ी देर के लिए आराम करेंगी। उत्तर प्रदेश पर्यटन निगम को राष्ट्रपति के नास्ते और डिनर की व्यवस्था की जिम्मेदारी मिली है।

अधिकारियों की मानें तो राष्ट्रपति के डिनर में मल्टीग्रेन की रोटी, गाय का घी, आलू व पनीर का पराठा रहेगा। राष्ट्रपति के साथ यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत 20 लोग शामिल होंगे। रात्रिभोज की जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर अभिषेक व जिला पंचायतराज अधिकारी दमनप्रीति अरोड़ा को मिली है।

विश्वविद्यालय में सेफ हाउस बनाया गया
राष्ट्रपति के लिए महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर ग्रीन रूम व डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय में सेफ हाउस बनाया गया है। इसके अलावा नया घाट पर सिंचाई विभाग का गेस्ट हाउस भी सेफ हाउस के रूप में सुरक्षित रहेगा। राम जन्मभूमि में भी राष्ट्रपति के लिए ग्रीन हाउस की व्यवस्था की गई है।