बरेली में 2 बहनों ने सुसाइड किया:पिता बोले-छेड़छाड़ से तंग आकर उठाया कदम; एक का शव जमीन पर, दूसरे का फंदे पर मिला

बरेली में दो बहनों ने सुसाइड कर लिया है। एक का शव जमीन पर पड़ा था, जबकि दूसरी बहन का शव फंदे से लटक रहा था। दोनों बहनें घर में अकेली थीं। वारदात के वक्त मां-पिता खेत में गए थे। शाम को लौटने पर उन्हें वारदात के बारे में पता चला।

उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाना फतेहगंज वेस्ट पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल की। मौके पर जहर की शीशी भी मिली है। बच्चियों के पिता ने कहा- छेड़खानी से परेशान होकर बेटियों ने सुसाइड कर लिया। शुरुआती जांच में पुलिस भी सुसाइड मान रही है।

बड़ी बहन BA में और छोटी बहन 11वीं पढ़ती थी
पूरा मामला तेहगंज वेस्ट के सफरी गांव का है। बड़ी बहन कल्पना (18) BA में पढ़ती थी, जबकि तुलसी (17) 11वीं की छात्रा थी। बच्चियों के पिता उत्तम चंद्र मौर्य पेशे से किसान हैं। उन्होंने बताया- बुधवार दोपहर मैं पत्नी और बेटे के साथ खेत में गया था।

रात में साढे़ 7 बजे पत्नी के साथ घर लौटा। बेटा खेत ही था। घर का दरवाजा बंद था। मैंने दोनों बेटियों को आवाज लगाई, लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं आया। धक्का दिया तो दरवाजा खुल गया। देखा तो बड़ी बेटी कल्पना का शव कमरे के दरवाजे के पास पड़ा था।

अंदर कमरे में छोटी बेटी तुलसी का शव साड़ी के सहारे कुंडे से लटक रहा था। पास में जहर की शीशी पड़ी थी। उसके गले पर चोट के निशान थे। बेटियों का शव देखकर मैं चीखने लगा। शोर सुनकर आस-पास के लोग आए गए। पुलिस को सूचना दी गई।

उत्तम ने बताया- मेरे घर के बगल में चांदनी का घर है, जबकि आकाश का घर 100 मीटर दूरी पर है। 2-3 महीने से दोनों बेटियों को परेशान कर रहे थे। आकाश जबरन बेटी से जबरन बात करता था, उसे एक मोबाइल भी दिया था। लेकिन मैंने मोबाइल छीन लिया था।

मैंने आकाश को कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं माना। आकाश से परेशान होकर बेटियों ने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया था। हमने बदनामी के डर से किसी को बताया नहीं था। पुलिस से भी शिकायत नहीं की थी।

आकाश की लोकेशन दिल्ली में, गिरफ्तारी के 3 टीमें लगाई गईं
SP देहात मुकेश चंद्र मिश्रा का कहना है- छोटी बहन नाबालिग है। पुलिस ने चांदनी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। पिता की शिकायत पर आकाश और चांदनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

आकाश की लोकेशन दिल्ली में मिली है। पुलिस उसे मुख्य आरोपी मान रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 3 टीम में लगाई गई हैं। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बड़ी बहन ने भी फंदा लगाकर सुसाइड किया, लेकिन फंदा टूट गया। जिसके चलते शव जमीन पर नीचे आ गिरा।