कोर्ट में अपनी सफाई देंगे मुस्कान-साहिल:सुरक्षा कारणों के चलते ऑनलाइन ही होगी पेशी

मेरठ के चर्चित ब्लूड्रम सौरभ हत्याकांड में आरोपित सौरभ की पत्नी मुस्कान, प्रेमी साहिल आज अदालत के सामने अपना पक्ष रखेंगे। दोनों अपने ऊपर लगाए गए सौरभ की हत्या के आरोपों के खिलाफ अपनी सफाई देंगे। ब्लू ड्रम चर्चित केस में आज से 313 की कार्रवाई शुरू हो रही है।

सुनवाई की पहली तारीख 15 अप्रैल थी लेकिन विशेष कारणों से उस तारीख पर सुनवाई नहीं हुई थी। इसलिए अगली तारीख 18 अप्रैल लगी थी। इसमें दोनों अपना पक्ष रखेंगे। इसके तहत दोनों आरोपितों को जिला जज के सामने कोर्ट में पेश होकर अपने ऊपर लगाए आरोपों के लिए अपना पक्ष रखना था।

22 गवाहों की गवाही पूरी

मर्चेंट नेवी ऑफिसर सौरभ की हत्या मामले में 22 गवाहों की गवाहियां अदालत में हो चुकी है। इन गवाहियों के बाद एविडेंस क्लोज हो चुके हैं। अब 313 की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसके बाद फाइनल जिरह होगी और कोर्ट इस हत्याकांड पर अपना फैसला सुनाएगी।

खुद पर लगे आरोपों पर जवाब देंगे मुस्कान-साहिल

जिन 22 गवाहों ने अब तक अदालत में गवाही दी है उसमें मुस्कान-साहिल पर तमाम आरोप लगे हैं। जो बताते हैं कि सौरभ की हत्या मुस्कान-साहिल ने मिलकर की थी। 22 गवाहों की गवाहियों के आधार पर दोनों से लगभग 15-20 सवाल पूछे जाने है। जिसका इन्हें जबाव देना पड़ेगा।

दोनों को सभी आरोपों को गलत साबित करना होगा। अगर मुस्कान-साहिल अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत साबित नहीं कर पाए तो उनको सजा होना तय है। कोर्ट दोनों से सवाल पूछेगा। लगभग 1-2 घंटे तक ये प्रक्रिया चलेगी।

ऑनलाइन होगी पेशी

313 की प्रक्रिया में आरोपित को खुद कोर्ट के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखना पड़ता है। लेकिन मुस्कान-साहिल की सुरक्षा को देखते हुए उनको ऑनलाइन जोड़कर वीसी के जरिए सुनवाई कराना तय हुआ है। दोनों पर पिछली बार वकीलों ने कचहरी में हमला कर दिया था।

डिलीवरी के दौरान भी मेडिकल अस्पताल में मुस्कान के पीछे भीड़ पड़ गई थी। दोनों की सुरक्षा के मद़देनजर उन्हें जेल से ऑनलाइन जोड़कर सुनवाई करना तय हुआ था।