एक्ट्रेस कंगना रनोट ने हाल ही में ऐश्वर्या राय को ट्रोल करने वालों की फटकार लगाई है। दरअसल, ऐश्वर्या हर साल की तरह इस साल भी कांस फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बनी थीं। उनकी तस्वीरें जमकर वायरल हुईं। जहां कुछ लोग उनके ग्लोबल स्टारडम की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ उनके लुक्स को ट्रोल भी कर रहे हैं। अब कंगना रनोट ने उन ट्रोलर्स पर भड़कते हुए कहा है कि ऐश्वर्या को किसी को खुश करने की जरुरत नहीं है।
कंगना रनोट ने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ऐश्वर्या राय की तस्वीर शेयर कर लिखा है, ‘फैशन और स्टाइल इंसान की अपनी पहचान और खुद को जाहिर करने का तरीका होता है। हर व्यक्ति अपनी जिंदगी और सोच को अपने तरीके से दिखाता है। कोई भी महिला किसी को कुछ साबित करने या खुश करने की जिम्मेदार नहीं है।’
आगे कंगना ने लिखा है, ‘ऐश्वर्या बेहद खूबसूरत लग रही हैं। जिन्हें उन्हें किसी और तरह देखना है, वो पहले खुद दिखाएं कि उनमें क्या खास है। वो यहां किसी को खुश करने नहीं आई हैं। वो शानदार हैं। अगर आपको रेड कार्पेट पर उम्रदराज महिलाओं को देखने की आदत नहीं है, तो अब इसकी आदत डाल लीजिए। धन्यवाद।’
ये वही कंगना है, जो अक्सर जया बच्चन पर निशाना साधती रहती हैं। कभी उन्होंने जया बच्चन के संसद पर दिए गए बयान पर उन्हें एरोगेंट कहा, तो कभी उन्होंने कहा था कि लोग जया बच्चन को सिर्फ इसलिए झेलते हैं, क्योंकि वो अमिताभ बच्चन की वाइफ हैं।
बीते साल चर्चा में रहा कांस से ऐश्वर्या का लुक
ऐश्वर्या राय ने साल 2002 में कांस में डेब्यू किया था। इसके बाद से ही वो लगातार कांस में मौजूद रहती हैं। बीते साल ऐश्वर्या ने मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन की गई सफेद-गोल्डन साड़ी पहनी थी। रेड डायमंड जूलरी और सिंदूर के साथ ऐश्वर्या बेहद खूबसूरत दिखीं। उनका ट्रेडिशनल लुक काफी चर्चा में रहा था।
कांस के दूसरे लुक में ऐश्वर्या राय ने गौरव गुप्ता के कलेक्शन की ब्लैक सिक्वल गाउन के साथ ट्रेल कैरी की थी। खुले बालों और मिनिमल जूलरी में एक्ट्रेस बेहद ग्लैमरस लगी थीं।
कांस की ज्यूरी बनने वाली पहली इंडियन एक्ट्रेस रहीं ऐश्वर्या राय
हर साल दुनियाभर के चुनिंदा लोगों को ज्यूरी में शामिल किया जाता है। मृणाल सेन पहले भारतीय थे, जिन्हें 1982 में ज्यूरी में शामिल किया गया था। इसके अलावा ज्यूरी बनने वाली पहली भारतीय महिला डायरेक्टर मीरा नायर थीं। ऐश्वर्या राय पहली इंडियन एक्ट्रेस हैं, जिन्हें कांस में ज्यूरी बनाया गया। हालांकि अब दीपिका पादुकोण, विद्या बालन और शर्मिला टैगोर भी इस लिस्ट में शामिल हैं।