देश में मानसून के आगे बढ़ने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को मानसून की बंगाल की खाड़ी वाली ब्रांच बिहार में पहुंच गई। हालांकि, मुंबई में मानसून थोड़ा पीछे चल रहा है।
अगले 3 दिन में मानसून के झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में एंट्री करने की संभावना है। 4 जून को केरलम में एंट्री के बाद से मानसून 8 दिन में 17 राज्यों तक पहुंच चुका है।
इधर दिल्ली-NCR और हरियाणा में गुरुवार रात कई इलाकों में 70 से 80kmph की रफ्तार से हवाएं चलीं। इससे तेज गर्मी से राहत मिली।
गुरुवार को बिहार के 12 जिलों में आंधी-बारिश हुई। बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। गुजरात को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में प्री-मानसून एक्टिव है।
राजस्थान में चलेगी धूल भरी आंधी, तेलंगाना में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब समेत 22 राज्यों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में धूल भरी आंधी चल सकती है। महाराष्ट्र से लगे कोंकण और गोवा में मौसम उमस भरा रहेगा। कर्नाटक और केरलम में समुद्र की तरफ से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं तेलंगाना, विदर्भ और आंध्र प्रदेश के समुद्री जिलों में हीटवेव का अलर्ट है। यहां पारा 40 से 45°C के बीच रह सकता है।
अमेरिकी मौसम एजेंसी नोआ ने अल नीनो शुरू होने की पुष्टि की
अमेरिकी नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) ने अल नीनो शुरू होने की पुष्टि कर दी है। वैज्ञानिकों के मुताबिक गर्म होते प्रशांत महासागर में अल नीनो बन गया है। अनुमान है कि यह 1997 में शुरू हुए उस रिकॉर्ड अल नीनो के बराबर या उससे भी ज्यादा शक्तिशाली होगा।
इस बात की 63% संभावना है कि अल नीनो इस साल के आखिर में इतना तेज हो जाएगा कि यह 1950 के बाद से दर्ज किए गए सबसे बड़े अल नीनो घटनाक्रमों में शामिल हो जाएगा।
गर्मी से राहत नहीं, 11 राज्यों में पारा अब भी 40°C पार
बारिश के बावजूद यूपी, दिल्ली, राजस्थान, एमपी, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और हरियाणा के कई शहरों में पारा 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा पंजाब के बठिंडा में दर्ज किया गया। यहां पारा 46.2°C रहा। वहीं राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 44.6°C, यूपी के झांसी में 43.4°C, महाराष्ट्र के वर्धा में 44.5°C और एमपी के खजुराहो में 43°C दर्ज किया गया।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
13 जून:
- दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। 50-70kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका।
- केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश होगी। कर्नाटक और केरलम के तटीय जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।
14 जून:
- दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आंधी-बारिश हो सकती है। कई जगह 50-70kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
- उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में ओले गिरने की आशंका है।
- बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। बिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है।
- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं ओले गिरने की आशंका है।