PM मोदी ने भिवानी के मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ किया:किरण चौधरी ई-रिक्शा के ऊपर तो श्रुति नीचे बैठी, सांसद व विधायक सर्राफ ई-वाहन में पहुंचे, कपूर वाल्मीकि पैदल गए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल रूप से भिवानी में पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज अस्पताल क उद्घाटन किया। समारोह में शामिल होने वाले अधिकांश लोग इलेक्ट्रिक वाहनों में सवार होकर या पैदल पहुंचे। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी खुद समारोह में ई-रिक्शा में सवार होकर पहुंची। जो कार्यक्रम की मुख्यातिथि रही। वहीं पूर्व मंत्री किरण चौधरी इसी ई-रिक्शा के ऊपर बैठकर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची। इसके अलावा लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह ई-रिक्शा में सवार होकर, भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ इलेक्ट्रिक कार में सवार होकर व बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि पैदल ही इस कार्यक्रम में पहुंचे।

PM-CM की हमेशा विकास की सोच रहती है- श्रुति चौधरी हरियाणा की सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी की सौगात को लेकर लोगों में अलग ही खुशी और जोश है। PM मोदी ने हमेशा देश को अंतराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया है। इसी कड़ी में आज देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन चलाई है। ये PM मोदी का हरियाणा की धरती से आने वाले समय के लिए बहुत बड़ा कदम है। श्रुति चौधरी ने कहा कि आज मेरे प्रयास से बने मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया। आज हरियाणा व पंजाब को PM मोदी की 25 हजार करोड़ रुपए की सौगात पर श्रुति चौधरी ने कहा कि PM मोदी व CM सैनी की हमेशा विकास की सोच रहती है। मेरे सिंचाई विभाग में पहली बार विश्व बैंक से 6 हजार करोड़ रुपए का बड़ा प्रोजेक्ट मंजूर हुआ है। बंसीलाल ने पूरे प्रदेश का समान विकास किया था। पर उनके बाद आए मुख्यमंत्री अपने हलकों तक सीमित रहे। अब फिर बंसीलाल जी की तरह पूरे हरियाणा का समान विकास हो रहा है।

सांसद बोले- देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा से चली सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि PM मोदी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की हरियाणा से शुरुआत की। साथ ही हमारी लोकसभा में PM मोदी ने दो मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन किया। साथ ही कहा कि आज पीएम मोदी व उनसे जुड़े हर कार्यक्रम में सभी पैदल या इलेक्ट्रॉनिक वाहनों से पहुंच रहे हैं, ये पर्यावरण बचाने का बड़ा संदेश है।

यह भिवानी के भविष्य का वरदान पूर्व मंत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि ये अलग-अलग देशों की लड़ाई के चलते तेल संकट से पार पाने व पर्यावरण बचाने की मुहिम है। ये देश तो विकसित राष्ट्र बनाने की बड़ी कड़ी है। किरण ने कहा कि सबका साथ सबका विकास को लेकर ये पीएम मोदी की दूरदर्शी सोच है। आज पीएम मोदी श्रुति चौधरी के प्रयासों से बने मेडिकल कॉलेज की भी सौगात दी हैं। ये पीएम की सौगात ही नहीं, भिवानी के भविष्य का वरदान भी है। वहीं विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए किरण चौधरी ने कहा कि अच्छे कामों पर विपक्ष विरोध करने की बजाय उसे खुश होना चाहिए। वहीं समारोह स्थल तक पैदल व इलेक्ट्रिक वाहनों में आने पर किरण ने कहा कि ये पर्यावरण बचाने व ग्रीन एनर्जी पर जोर देने का संदेश है। ग्रीन एनर्जी से ही हम दूसरे देशों पर निर्भरता को खत्म कर सकते हैं।

6 मेजर ऑप्रेशन थिएटर की सुविधा मेडिकल कॉलेज में विभिन्न तरह के 6 मेजर ऑप्रेशन थिएटर की सुविधा होगी, जिससे अलग-अलग तरह के ऑप्रेशन एक साथ किए जा सकेंगे। इसके अलावा हर विभाग के आईसीयू बेड सुविधा के साथ 6 माइनर ऑप्रेशन थिएटर हैं। नवनिर्मित मेडिकल अस्पताल की 320 आईपीडी बेड की क्षमता है, जबकि सामान्य अस्पताल में 300 बेड की क्षमता पहले से ही है।

100 एमबीबीएस सीटें मेडिकल कॉलेज परिसर में आधुनिक अस्पताल, शिक्षण भवन और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया गया है। मेडिकल कॉलेज को 100 एमबीबीएस सीटों के साथ संचालित करने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा 2 सितंबर 2025 को लेटर ऑफ परमिशन जारी किया जा चुका है, इससे विद्यार्थी आधुनिक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

मेडिकल कॉलेज परिसर आधुनिक एकेडमिक ब्लॉक, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, डिजिटल लाइब्रेरी, स्किल एवं सिमुलेशन लैब, शोध सुविधाएं और नवीनतम चिकित्सा उपकरण युक्त अस्पताल विकसित होगा।

448 क्षमता के छात्रों तथा 360 क्षमता के छात्राओं के होस्टल बनाए वीटा मिल्क प्लांट के पास करीब 27 एकड़ में मेडिकल कॉलेज क्षेत्र है, जहां पर मेडिकल के विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। घंटाघर के पास 14 एकड़ में अस्पताल क्षेत्र है, यहां मेडिकल की ओपीडी की सुविधा है और जिला पुनर्वास केंद्र के नजदीक 3 एकड़ में चिकित्सकों व अन्य स्टाफ सदस्यों के लिए आवास बनाए गए हैं।

मेडिकल कॉलेज की सुविधाओं में थिएटर कॉम्प्लेक्स, पुस्तकालय, स्किल एवं सिमुलेशन लैब, छात्र एवं छात्राओं के अलग-अलग छात्रावास, जूनियर रेजिडेंट हॉस्टल, नर्सिंग हॉस्टल, फेकल्टी एवं स्टाफ आवास, डीन आवास, एनिमल हाउस और डाइनिंग ब्लॉक एवं अन्य सहायक भवन शामिल हैं। 808 क्षमता वाले होस्टल में 224-224 क्षमता के दो होस्टल छात्रों के लिए और 360 क्षमता का एक होस्टल छात्राओं के लिए है।

ओपीडी से मिल रहा लोगों को चिकित्सा लाभ मेडिकल में ओपीडी ब्लॉक में जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, एनेस्थीसिया,ईएनटी, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, बाल रोग विभाग, त्वचा रोग विभाग, मनोरोग विभाग, श्वसन रोग विभाग, फॉरेंसिक मेडिसिन और सेंट्रल लैबोरेटरी के माध्यम से चिकित्सा लाभ मिल रहा है।