कार्लोस अल्काराज US ओपन से वापसी करेंगे:टूर्नामेंट के डिफेंडिंग चैंपियन, कलाई की चोट के कारण 4 महीने से टेनिस से दूर थे

स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज चार महीने बाद कोर्ट पर वापसी करेंगे। दाहिनी कलाई की चोट के कारण वे अप्रैल से टेनिस से दूर हैं। अल्काराज ने 30 अगस्त से न्यूयॉर्क में शुरू होने वाले US ओपन में खेलने की पुष्टि की है। वे टूर्नामेंट के डिफेंडिंग चैंपियन हैं।

चोट के कारण अल्काराज फ्रेंच ओपन, विंबलडन, टोरंटो और सिनसिनाटी ओपन में नहीं खेल सके। वे US ओपन से पहले किसी भी वार्म-अप टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे।

पोस्ट के जरिए दी वापसी की जानकारी

अल्काराज ने अपनी वापसी की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। अल्कराज ने भी X पर अमेरिकी झंडे और प्लेन की इमोजी के साथ पोस्ट किया।

अप्रैल में बार्सिलोना ओपन के दौरान लगी थी चोट

अल्काराज ने अप्रैल में बार्सिलोना ओपन से हटने के बाद कोई मैच नहीं खेला। दाहिनी कलाई की चोट के कारण उन्हें करीब चार महीने कोर्ट से दूर रहना पड़ा। इस दौरान उन्होंने फ्रेंच ओपन और विंबलडन जैसे दोनों बड़े ग्रैंड स्लैम मिस किए।

वापसी से पहले उन्होंने स्पेन के मर्सिया में अभ्यास शुरू किया और हाल में डेनमार्क के होल्गर रूने के साथ भी ट्रेनिंग की। इसके बाद उन्होंने US ओपन में खेलने का फैसला किया।

2022 में US ओपना में ही जीता था पहला ग्रैंड स्लैम

अल्काराज ने 2022 में US ओपन जीतकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब हासिल किया था। 2025 में भी उन्होंने फाइनल में इटली के जैनिक सिनर को हराकर खिताब जीता था। अब वह 2026 में अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगे।

ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर की थी 2026 की शानदार शुरुआत

अल्काराज ने 2026 की शुरुआत ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतकर की थी। इस जीत के साथ उन्होंने करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया और चारों ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष खिलाड़ी बने। इसके बाद कलाई की चोट ने उनके सीजन को रोक दिया।

रैंकिंग में अभी नंबर-2 पर अल्कराज

चार महीने तक बाहर रहने के बावजूद अल्कराज अभी ATP रैंकिंग में नंबर-2 पर हैं। दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी जानिक सिनर हैं, जबकि अलेक्जेंडर ज्वेरेव नंबर-3 पर हैं। इसलिए US ओपन में वापसी अल्कराज के लिए सिर्फ खिताब बचाने की चुनौती नहीं, बल्कि रैंकिंग में सिनर से अंतर कम करने का भी मौका होगी।