शादी से 3 दिन पहले दूल्हे की मौत:कार्ड बांटने जाते समय स्लीपर बस ने बाइक को टक्कर मारी, 500 मीटर घसीटा

हनुमानगढ़ में शादी से 3 दिन पहले दूल्हे की एक्सीडेंट में मौत हो गई। युवक बाइक लेकर अपनी शादी का कार्ड बांटने जा रहा था। इस दौरान रास्ते में तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी।

बाइक को टक्कर मारने के बाद भी ड्राइवर ने बस नहीं रोकी और युवक को बाइक के साथ करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में युवक का एक हाथ और पैर अलग हो गया।

बस ने रॉन्ग साइड में आकर टक्कर मारी

एएसपी अरविंद विश्नोई ने बताया- 2 सितंबर को सड़क हादसे में राधेश्याम नायक (25) निवासी चक हरीपुरा की मौत हो गई। 5 सितंबर को उसकी शादी होने वाली थी। मृतक के पिता बुधराम नायक ने टाउन थाने में इसको लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

उन्होंने रिपोर्ट में बताया- राधेश्याम 2 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे अपनी शादी के कार्ड बांटने पल्लू जा रहा था। इसी दौरान मेगा हाईवे पर श्याम मंदिर के सामने तेज रफ्तार बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद भी ड्राइवर ने बस नहीं रोकी और राधेश्याम को बाइक के साथ करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। सड़क पर घसीटने के कारण राधेश्याम का एक हाथ और पैर धड़ से अलग हो गया और मौके पर ही मौत हो गई।

पिता ने आरोप लगाया कि बस ड्राइवर तेज गति और लापरवाही से बस चलाते हुए आ रहा था। ड्राइवर ने रॉन्ग साइड में आकर राधेश्याम की बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

जयपुर से लुधियाना जा रही थी स्लीपर बस

टाउन थाने के एएसआई राजाराम ने बताया- स्लीपर बस जयपुर से रवाना होकर पंजाब के लुधियाना जा रही थी। इसी दौरान नौरंगदेसर से ठीक पहले एक्सीडेंट हो गया। हादसे के ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्लीपर बस को सड़क से हटाकर सुरक्षित खड़ा करवाया है।