लुधियाना में PG में पंखे से फंदा लगाकर महिला ने आत्महत्या कर ली। लोगों के मुताबिक महिला का घटना से पहले दोस्त के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद दोस्त उसका शव किसी को बिना बताए वहां से ले गया। उसके मुंह पर चोट के निशान थे।
मृतका की पहचान मोगा के निहाल सिंह वाला निवासी चरनप्रीत कौर के रूप में हुई है। वह थरीके इलाके में स्थित पीजी में रहती थी। वह यहां प्राइवेट नौकरी करती थी।
आसपास के लोगों ने बताया कि उसी पीजी में महिला का दोस्त भी रहता था। देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। झगड़े के बाद युवक अपने कमरे में चला गया, जिसके बाद महिला चुन्नी के सहारे पंखे से लटक गई।
खिड़की से झांककर देखा, फंदे से लटकी थी सोमवार रात करीब 12:30 बजे जब युवक वापस आया और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। उसने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग एकत्र हो गए। जब लोगों ने खिड़की से झांककर देखा, तो महिला पंखे से लटकी हुई थी।
मुंह पर चोट के निशान मिले स्थानिक निवासियों ने बताया कि महिला के मुंह पर नीले पड़े चोट के निशान थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या से पहले मारपीट हुई थी। लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर महिला को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद युवक शव को अपनी कार में रखकर बिना किसी को बताए वहां से निकल गया।
शव ले जाने पर पुलिस व लोगों के बयान अलग-अलग पीजी में रहने वाले और लोगों ने ऑफ कैमरा बताया कि युवक ने किसी को इस बारे में कुछ नहीं बताया। वहीं पुलिस का कहना है कि पीजी में रहने वाले कुछ लोग शव को लेकर सीएमसी गए थे।
पुलिस ने किराएदारों का पूरा रिकॉर्ड मांगा मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई दविंदर सिंह ने बताया कि जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो वहां न तो शव था और न ही युवक। बाद में पता चला कि आसपास के लोग शव को लेकर सीएमसी (CMC) अस्पताल गए।
फिलहाल शव को सीएमसी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने पीजी मालिक से किराएदारों का पूरा रिकॉर्ड मांगा है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।