आगरा में गणेश पंडाल के बाहर दो गुट भिड़ गए। जमकर पथराव हुआ। रविवार रात 11 बजे पंडाल में एक गुट भजन-कीर्तन कर रहा था। तभी दूसरे गुट के 20-25 लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और हमला कर दिया।
इसके बाद कीर्तन कर रहे लोग जान बचाकर भागे। कुछ लोग घरों में घुस गए। फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। इसी बीच कीर्तन कर रहे लोगों ने दौड़ाकर 2 हमलावरों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को छुड़ाया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम लकी और देव बताए।
उन्होंने कहा-
शनिवार रात जागरण कार्यक्रम के दौरान वे एक परिचित लड़की से बात कर रहे थे। इसी दौरान प्रवेश, मनीष और उनके दोस्तों ने उनसे पूछताछ की। मनीष और प्रवेश ने दोनों को थप्पड़ जड़ दिए। इसका बदला लेने के लिए उन्होंने साथियों के साथ हमला किया। घटना सदर थाना क्षेत्र की शहजादी मंडी की है। इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है।
पहले कहासुनी हुई, फिर लाठी-डंडों से हमला किया
शहजादी मंडी में गणेश पंडाल लगा हुआ है। यहां रहने वाले प्रवीण अग्रवाल ने बताया- रविवार रात करीब 11 बजे पंडाल में भजन-कीर्तन चल रहा था। हम लोग पंडाल में बैठे थे। इसी दौरान ताजगंज मोहल्ले के 20-25 युवक लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे। पंडाल में बैठे कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। ताजगंज से आए युवकों ने लाठी-डंडों से हमला किया और पत्थर फेंकने लगे। हम लोग जान बचाकर भागे। इसी दौरान ईंट का एक टुकड़ा जागरण कमेटी के एक सदस्य को लग गया। इसके बाद कमेटी के सदस्यों ने युवकों को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
डीसीपी सय्यद अली अब्बास ने बताया-
गणेश कमेटी ने थाने में शिकायत दी है। दोनों आरोपियों का मेडिकल कराया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने इलाके का माहौल खराब करने की कोशिश की है। उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।