कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ में एनएच-48 पर डिवाइडर पर खड़ी तीन महिलाओं को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका बहरोड़ में इलाज जारी है।
घटना गुरुवार सुबह उपवन सोसायटी के सामने की है। अब घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
घायल महिला के पति मोतीलाल ने बताया – उनकी पत्नी मनीषा (44) रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब 5:55 बजे उपवन सोसायटी के सामने अन्य दो महिलाओं के साथ नीमराना स्थित हैवल्स कंपनी की बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान जयपुर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसा होते ही दो महिलाएं मौके से भागकर बच गईं। जबकि मनीषा ट्रेलर की चपेट में आ गईं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग मनीषा को सड़क से उठाकर किनारे लाए और बहरोड़ के निजी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए घायल को आईसीयू में भर्ती किया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
थानाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया – घटना के बाद ट्रेलर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल, परिजनों को पहले घायल का इलाज कराने के लिए कहा गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पति दिल्ली परिवहन में ड्राइवर मनीषा मूल रूप से झुंझुनूं जिले में पचेरी बड़ी के पास स्थित गांव अलीपुर की रहने वाली हैं। वह वर्तमान में बहरोड़ की उपवन सोसायटी में परिवार के साथ रह रही हैं। उनके पति मोतीलाल जांगिड़ दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में बस ड्राइवर हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।