हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने उत्तराखंड में माफी मांगी:स्टेज पर बोले-दिल से सॉरी, पहले गालियां दी थी; देहरादून में लगे ‘गो बैक’ के नारे

हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के देहरादून में उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) के फाइनल से पहले होने वाले शो का खूब विरोध हुआ। रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के बाहर UKD कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान मासूम शर्मा के साथ ही धामी सरकार मुर्दाबाद के नारे भी लगे।

विरोध के बीच मासूम शर्मा ने कार्यक्रम की शुरुआत करने से पहले मंच से उत्तराखंड के लोगों से माफी मांगी। उन्होंने सबसे पहले देवभूमि को प्रणाम किया और कहा-

अगर उनके किसी प्रशंसक या विरोधी को उनसे किसी बात को लेकर नाराजगी हुई है तो वह दिल से माफी मांगते हैं।

मासूम शर्मा ने कहा कि वह देहरादून आकर उत्तराखंड के साथ अपने जुड़ाव को फिर से महसूस करना चाहते थे। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का आभार जताया और कहा कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं है।

UPL फाइनल के लिए खिलाड़ियों और दर्शकों को दी बधाई

मासूम शर्मा ने उत्तराखंड प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन के फाइनल मैच के लिए खिलाड़ियों और दर्शकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने UPL के आयोजन के लिए महिम वर्मा का विशेष रूप से धन्यवाद किया और उन्हें मंच पर आमंत्रित किया। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व मंत्री संजीव बालियान, उमेश शर्मा सहित अन्य नेताओं और अधिकारियों का भी उन्होंने आभार जताया।

भाषण और माफी मांगने के बाद मासूम शर्मा ने अपना चर्चित हरियाणवी गीत ‘बोल तेरे मीठे-मीठे, बात तेरी साच्ची लागे…’ गाना शुरू किया। इस दौरान मंच से उन्होंने दर्शकों के सामने अपनी परफॉरमेंस दी।

UKD नेता का आरोप- गाली देने वाले कलाकारों को मोटी रकम

उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के नेता लुशुन टडोरिया ने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार पांडवाज ग्रुप को ‘भू-बुग्याल’ जैसे गाने नेशनल गेम्स में गाने के पैसे नहीं देती, जबकि दूसरी तरफ गाली देने वाले कलाकारों को मोटी रकम देकर बुलाया जा रहा है। उन्होंने इसे सरकार का दोहरा मापदंड बताते हुए कहा कि गाली देने वालों को इनाम और अपनी संस्कृति पर गाने वाले कलाकारों को दबाया जा रहा है।

शो को लेकर चल रहा ये पूरा विवाद इसी साल 11 अप्रैल को देहरादून के DAV पीजी कॉलेज में हुए मासूम शर्मा के कार्यक्रम के बाद से चला आ रहा है। उस दौरान मंच से कथित आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर उनके खिलाफ पुलिस केस भी दर्ज हुआ था।

UPL-2026 के फिनाले में फ्री एंट्री और लाइव शो

देहरादून के रायपुर स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 1 अक्टूबर को उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL-2026) के तीसरे सीजन का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जा रहा है। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) ने दर्शकों के लिए स्टेडियम में फ्री एंट्री रखी है।

लाइव शो शाम को प्रस्तावित है। इसमें हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा और प्रांजल दहिया लाइव परफॉर्म करेंगे। दोनों की परफॉर्मेंस UPL-2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान आयोजित की जाएगी।

मासूम ने वीडियो जारी कर जनता से की थी अपील

चारों तरफ से हो रहे विरोध के बीच मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उत्तराखंड की जनता से अपील की थी। उन्होंने कहा-जय हिंद साथियों, मैं थारा अपना देसी कलाकार मासूम शर्मा। मैं आज शाम 7 बजे राजीव गांधी स्टेडियम, देवभूमि देहरादून में आ रहा हूं। पिछले जो भी गिले-शिकवे हैं, सबको दूर करेंगे और बढ़िया प्रोग्राम करेंगे। सारे भाई तैयार हो जाओ। जय बाबा बद्री विशाल! जय हिंद, जय भारत, जय उत्तराखंड!

किस विवाद के कारण हो रहा मासूम शर्मा का विरोध…

11 अप्रैल 2026 को देहरादून के DAV पीजी कॉलेज में छात्रसंघ समारोह के दौरान मासूम शर्मा ने मंच से गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। इस मामले के बाद डालनवाला पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज किया और नोटिस जारी किया था।

विवाद बढ़ने के बाद मासूम शर्मा ने माफी भी मांगी थी। मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए उन्हें समन जारी किया था। इसी पुराने विवाद को लेकर अब उनके UPL कार्यक्रम का विरोध किया जा रहा है।