पानीपत के मॉडल टाउन स्थित भाटिया कार्यालय पर सोमवार सुबह इनकम टैक्स विभाग की टीमों ने छापेमारी की। सुबह करीब 6 बजे पहुंचीं संयुक्त टीमों की कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई। जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में दिल्ली और पंजाब की टीमें शामिल हैं। संबंधित फर्म अस्पतालों को दवाओं की सप्लाई का काम करती हैं।
जानकारी के मुताबिक, अनिल भाटिया और अश्वनी भाटिया से जुड़ी प्लस डिस्ट्रीब्यूशन और प्लस डिस्ट्रीब्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के नाम से दो फर्म संचालित हैं। इनका कारोबार अस्पतालों तक दवाएं पहुंचाने से जुड़ा बताया जा रहा है। इनकम टैक्स विभाग की टीमों की कार्रवाई किन दस्तावेजों, लेन-देन या अन्य पहलुओं की जांच के लिए की जा रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
जीटी रोड के पास वेयरहाउस, गुरुग्राम में मुख्य कार्यालय
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फर्म का एक वेयरहाउस पानीपत में जीटी रोड पर हन्नू स्वीट्स के पीछे स्थित है, जबकि इसका मुख्य कार्यालय गुरुग्राम में बताया जा रहा है। परिवार का निवास यमुना एन्क्लेव क्षेत्र में बताया गया है। इसके अलावा, पानीपत के सुखदेव नगर स्थित सचदेवा शॉप में भी इनके कारोबार से जुड़ी गतिविधियां होने की जानकारी मिली है।
दवाओं की सप्लाई से जुड़े इस नेटवर्क का दायरा पानीपत से बाहर भी बताया जा रहा है। करनाल में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के पास ’24×7′ नाम से दवाओं की दुकान का भी इनसे संबंध बताया गया है।
अस्पतालों तक सप्लाई नेटवर्क की चर्चा
जानकारी के अनुसार, फर्म का पार्क अस्पताल के नेटवर्क को दवाओं की सप्लाई से जुड़ाव बताया जा रहा है। मेट्रो अस्पताल तक भी दवाओं की सप्लाई का लिंक मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा गुरुग्राम के कई पैनल से भी कारोबार के संपर्क होने की बात कही जा रही है।