पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। दोपहर करीब 12 बजे होने वाली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने और इसके बाद 3 विधायकों के पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के घटनाक्रम के बाद पहली पीसी करेंगे।
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री कच्चे सरकारी मुलाजिमों को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों और आरोपों पर भी मुख्यमंत्री जवाब दे सकते हैं। चुनाव से पहले पार्टी में हुए राजनीतिक घटनाक्रम के बाद उनकी यह प्रेस कॉन्फ्रेंस अहम मानी जा रही है।
3 विधायकों के भाजपा में जाने से पार्टी को झटका
चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों ने प्राथमिक सदस्यता और अपने पद से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में तीनों विधायक पार्टी में शामिल हुए।
भाजपा में जाने के बाद विधायकों ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास और नेतृत्व की नीतियों से प्रभावित होकर यह फैसला ले रहे हैं। वहीं, AAP नेतृत्व ने उनके इस कदम को अवसरवादिता करार दिया है। पार्टी का दावा है कि इससे कार्यकर्ताओं के मनोबल और जनाधार पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी, सभी पुराने विधायकों को टिकट
विधानसभा चुनाव के लिए AAP ने 40 उम्मीदवारों की पहली आधिकारिक सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने सभी पुराने विधायकों को टिकट दिया है। उम्मीदवारों के चयन में उनकी जिताऊ क्षमता को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
पार्टी नेताओं का दावा है कि सूची जमीनी सर्वे और कार्यकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर तैयार की गई है। बाकी सीटों पर भी जल्द उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे।
विपक्ष के आरोपों पर जवाब दे सकते हैं CM
आगामी चुनाव को लेकर पंजाब में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्षी दल लगातार AAP और सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन आरोपों पर पार्टी का पक्ष रख सकते हैं। इसके साथ ही चुनावी रणनीति और आगे की तैयारियों को लेकर भी बात होने की संभावना है।