बाइक से 5 दोस्त निकले,2 भाई समेत 3 की मौत:नालंदा में कुत्ते के सामने आने पर बैलेंस बिगड़ा, डिवाइडर से टकराई गाड़ी; 2 की हालत नाजुक

नालंदा के हरनौत में मंगलवार की देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो भाइयों समेत तीन लड़कों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। दोनों को सदर अस्पताल में एडमिट कराया गया है।

बताया जा रहा है कि पांचों लड़के आपस में दोस्त थे। देर रात पांचों एक ही बाइक से बाजार में घूमने निकले थे। कुत्ते के सामने आने पर बाइक का बैलेंस बिगड़ा, जिसके बाद गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। मृतकों में शामिल दोनों भाई नाबालिग थे।

दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत, दो की हालत गंभीर

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के सबनहुआडीह गांव निवासी 19 साल गौतम कुमार और हरनौत आदर्शनगर निवासी प्रदीप जायसवाल के दो बेटों 15 साल के अभिमन्यु उर्फ मनु और 13 साल के अनीश कुमार के रूप में हुई है।

अभिमन्यु और अनीश सगे भाई थे। दोनों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, हादसे में घायल हरनौत निवासी 14 साल के अमित कुमार और रवि कुमार को गंभीर हालत में बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों का इलाज जारी है।

कुत्ते को बचाने में बेकाबू हुई बाइक, डिवाइडर से टकराई

अस्पताल में भर्ती घायल अमित कुमार ने हादसे की पूरी कहानी बताई। उसने बताया कि मंगलवार देर रात सभी दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर बाजार की तरफ घूमने निकले थे। बाइक गौतम चला रहा था। जब वे लोग पिलर नंबर 51 के पास पहुंचे, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया।

अमित के मुताबिक, कुत्ते को बचाने के लिए गौतम ने बाइक मोड़ने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण बाइक पर नियंत्रण नहीं रहा। देखते ही देखते बाइक सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांचों दोस्त बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। हादसे के बाद सभी बेहोश हो गए। बताया जा रहा है कि पांचों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। हादसे में सभी के सिर में गंभीर चोटें आईं।

पटाखा जलाकर घर से निकले थे सभी लड़के

मृतक गौतम के भतीजे गुड्डू ने बताया कि रात में सभी लोग घर के पास पटाखा जला रहे थे और उसके बाद रात करीब 10 बजे अचानक बाइक लेकर घूमने निकल गए। करीब 30 मिनट बाद हम लोगों को जानकारी मिली कि गौतम अंकल की बाइक हादसे की शिकार हुई है।

जानकारी के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने गौतम और अभिमन्यु को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों अनीश, अमित और रवि को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान अनीश ने भी दम तोड़ दिया।

मृतक अभिमन्यु, अनीश के पिता की दुकान में काम करता था गौतम

मृतक अभिमन्यु और अनीश के पिता हरनौत बाजार में किराना दुकान चलाते हैं। गौतम भी इसी दुकान में काम करता था। इस वजह से तीनों के बीच आपसी जान-पहचान और दोस्ती थी।

त्योहार से पहले इस हादसे ने दो परिवारों को मातम में डाल दिया है। हादसे के बाद मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची हुई है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना के संबंध में हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।