गुरुग्राम के सेक्टर-102 स्थित धनकोट में एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है। मुकेश की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों और रिश्तेदारों का गुस्सा फूट पड़ा।
परिजनों ने हॉस्पिटल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया है। हॉस्पिटल के बाहर भारी संख्या में लोग जमा हो गए और प्रबंधन के खिलाफ रोष जता रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि मुकेश कुमार को केवल सामान्य बुखार हुआ था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए धनकोट के इस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि मुकेश सुबह तक बिल्कुल ठीक था और बातचीत कर रहा था। लेकिन डॉक्टरों ने उसके इलाज में लापरवाही बरती, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी जान चली गई।
वेल्डिंग का काम करता था मुकेश
मुकेश मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और धनकोट में परिवार के साथ रहता था। वह पेशे से वेल्डर थे और यहीं पर वेल्डिंग का काम करता था। परिवार में मुकेश की पत्नी और तीन लड़के हैं।
परिजनों के अनुसार उन्हें बुखार आ रहा था, जिसके चलते कल रात उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया था। सुबह तक उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक थी। इसके बाद अस्पताल के एक स्टाफ ने उन्हें एक इंजेक्शन दिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और उसने खिचड़ी भी पूरी नहीं खाई।
सांस की बीमारी भी थी
बताया जा रहा है कि मृतक को सांस की बीमारी भी थी। हालांकि, परिजन इसे लापरवाही मान रहे हैं और उनका कहना है कि अचानक से तबियत बिगड़ी है।
समझा-बुझा कर चौकी ले गई पुलिस
मौके पर पहुंचे धनकोट चौकी इंचार्ज ने परिजनों को समझाया और उन्हें आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वे लोगों को समझा-बुझा कर धनकोट चौकी में ले गए हैं और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस अब मुकेश के शव का पोस्टमॉर्टम करवाएंगे।