आगरा के लोहामंडी में बेटी से शादी करने का दबाव बना रहे युवक ने घर में घुसकर पिता को बम से उड़ाने की धमकी दी। आरोप है कि युवक अपने भाई के साथ आधी रात बुलेट से घर पहुंचा और परिवार को गाली देते हुए धमकाने लगा। उसने कहा कि बेटी की शादी उसी से करनी होगी। कहीं और रिश्ता किया तो बम फेंककर पूरे घर को उड़ा देगा।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवक की मां भी बेटों से हत्या कराने की धमकी दे रही है। परिवार ने धमकियों की रिकॉर्डिंग होने की बात कही है। पीड़ित की शिकायत पर लोहामंडी पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आधी रात भाई के साथ घर में घुसा युवक
लोहामंडी निवासी पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 19 सितंबर की रात करीब 12 बजे आलमगंज सैयद पाड़ा निवासी असलम अपने भाई आरिफ के साथ बुलेट से उसके घर पहुंचा। आरोप है कि दोनों घर में घुस आए और बेटी समेत परिवार के लोगों को गालियां देने लगे।
असलम ने बेटी की शादी अपने साथ करने का दबाव बनाया। साथ ही धमकी दी कि अगर कहीं और रिश्ता किया तो बम फेंककर पूरे परिवार को उड़ा देगा।
युवक की मां पर भी धमकाने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि असलम की मां पप्पन भी परिवार को धमका रही है। उसने कहा है कि अगर बेटी की शादी उसके बेटे से नहीं की तो अपने बेटों से उसकी हत्या करवा देगी।
पीड़ित के मुताबिक, असलम लगातार शादी के लिए दबाव बना रहा है। मना करने पर जान से मारने की धमकी देता है। परिवार ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा है।
धमकियों की रिकॉर्डिंग पुलिस को देगा परिवार
पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके पास धमकियों की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। आरोपियों की धमकियों से परिवार दहशत में है। घर के लोग रात में ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि पीड़ित ने 14 नवंबर को थाने में शिकायत दी थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। धमकियों से जुड़ी रिकॉर्डिंग की भी जांच कराई जाएगी। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।