‘हर ट्रेन में भीड़ है। रेलवे स्पेशल ट्रेनें चला रही है, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं मिल रहा है। तत्काल टिकट लेने के लिए रात भर लाइन में खड़े रहना पड़ा है।
इसके बाद कंफॉर्म टिकट मिला। ट्रेन में हालात ऐसे हैं कि स्लीपर कोच जनरल बन गया है। AC कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं है। ये बातें दिल्ली जा रहे यात्री अंशु कुमार ने कही है।
अंशु अकेले यात्री नहीं है, जिन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। बल्कि हजारों रेल यात्री हैं, जिन्हें ट्रेन से यात्रा करने में भारी परेशानी हो रही है। यात्री कहते हैं टिकट खरीदूं तो परेशानी क्यों झेलूं। ट्रेन में टॉयलेट जाने का भी रास्ता नहीं है।
पटना जंक्शन पर यात्रियों की भीड़, ट्रेनों की स्थिति, किस तरह से यात्री सफर कर रहे है, रेल यात्रियों ने क्या कहा…
ट्रेन रुकने से पहले ही दौड़ गए यात्री
भास्कर रिपोर्टर पटना जंक्शन के प्लेटफार्म पर गए तो हर तरफ भीड़ थी। लोगों के बैठने के लिए भी ठीक से जगह नहीं थी। कई यात्री अपने परिवार और सामान को लेकर एक कोने में खड़े थे। दिल्ली जाने वाले यात्रियों की ज्यादा भीड़ थी। इसके अलावा मुंबई, गुजरात और चेन्नई जाने वालों की भी संख्या थी।
भागलपुर से दिल्ली जाने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस जैसे ही प्लेटफार्म पर पहुंची, यात्री चढ़ने के लिए दौ़ड़ने लगे। ट्रेन ठीक से रुकी भी नहीं थी, लेकिन सीट पर पहुंचने की होड़ मच गई। गेट पर मारामारी जैसी स्थिति बन गई।
राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन पर भी कुछ इसी तरह का माहौल दिखा। यहां एक महिला तेजस एक्सप्रेस में चढ़ रही थी। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया, लेकिन रेल पुलिस ने उन्हें किसी तरह संभाला।
दीपावली-छठ में आना-जाना मुश्किल
घनंजय सिंह ने कहा कि मैं हाजीपुर का रहन वाला हूं और जयपुर में कारोबार करता हूं। हर साल छठ के मौके पर घर जरूर आता हूं। घर आने के लिए मैं डेढ़ महीने पहले से ही कंफॉर्म टिकट बुक करा लिया था।
नियमित ट्रेन में अब वेटिंग टिकट भी मिलना संभव नहीं है। दीपावली-छठ पूजा में घर आना-जाना मुश्किल हो जाता है, लेकिन छठ महापर्व है, जिसमें परिवार के सभी लोग घर पहुंचते हैं।
‘तत्काल भी मुश्किल है, टिकट मिलेगा या नहीं गारंटी नहीं’
रेल यात्री अमित कुमार ने कहा कि अब तो तत्काल टिकट भी मुश्किल है। गारंटी नहीं कि लंबी लाइन लगने के बाद भी टिकट मिलेगा या नहीं।
मुझे लगता है कि इंफ्रास्ट्रक्टर पर काम के साथ हमें गर्वनेंस पर भी काम करने की जरूरत है।
‘हर साल का यही हाल है’
भोला प्रसाद सिन्हा ने कहा कि ये तो हर साल का हाल है। क्या एसी-स्लीपर, ऐसे ही लोग जाते हैं। फ्लाइट का किराया 40 हजार तक चला गया है।
विनीता सिन्हा ने कहा कि थोड़ी मुश्किल तो हो गई है। अगर पहले से टिकट लेकर रखे हैं तो ठीक है, फिर भी दिक्कत तो हो रही है।
‘टिकट की समस्या है’
सीमा सिंह ने कहा कि छठ पर्व में घर आना जरूरी है। इस समय टिकट नहीं मिलता है।
रेल अधिकार ने क्या कहा, किस तरह की व्यवस्थाएं की जा रही है…
ईसीआर में 44 स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं
पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने कहा कि ईसीआर में 44 स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए हैं। यहां पैसेंजर्स के रुकने की व्यवस्था है।
कई जगह मेडिकल बूथ है, पानी की व्यवस्था है। सूचना डिस्प्ले बोर्ड भी है। जिससे पता चल सके कि किस समय गाड़ी जाएगी।
हमारी कोशिश है कि ज्दायातर यात्री को पहले ही बता दें कि कौन सी गाड़ियां चल रही है। अगर लगा कि भीड़ ज्यादा हो रही है तो वहां स्पेशल ट्रेन चलाएंगे।