सपा नेता आजम खान को जेल में रहते हुए मैंने उनकी बुजर्ग बेगम का वो दर्द देखा जो मेरा दर्द था। मैं भी उसी तकलीफ से गुजरी हूं। बहुत खुशी है कि इतनी तकलीफों के बाद वह बाहर आए हैं। आजम साहब किसी एक समाज के नेता नहीं हैं। वह समाजवादी पार्टी का बड़ा चेहरा हैं।
ये बातें कानपुर में दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए सपा विधायक नसीम सोलंकी ने कही। वहीं पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने कहा- आजम खान सबके नेता हैं, उनके आने से पूरी पार्टी को ताकत मिलेगी। न्याय हुआ है और आगे भी न्याय ही होगा। फिर से हम लोग विधानसभा में दहाड़ेंगे।
‘आजम खान किसी एक वर्ग के नेता नहीं, हर समाज में उनकी पहचान’
सपा विधायक नसीम सोलंकी ने आजम खान की वापसी पर खुशी जताते हुए कहा कि इतने संघर्ष और तकलीफों के बाद उनका जेल से बाहर आना राहत की बात है।
उन्होंने कहा, “मैं कैमरे के माध्यम से उनको बधाई देती हूं। बहुत खुशी है कि इतनी तकलीफों के बाद वह बाहर आए हैं। वह नेताजी मुलायम सिंह यादव के साथ भी रहे और हमारे पापा के साथ भी उनका जुड़ाव रहा है।”
नसीम सोलंकी ने कहा- आजम खान की पहचान किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। जब वह सरकार में मंत्री थे, तब उनके काम की हर तरफ तारीफ होती थी। कुंभ मेले के बेहतर प्रबंधन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आजम खान के अनुभव और राजनीतिक कद का फायदा 2027 में सपा को जरूर मिलेगा।
‘आजम साहब की मौजूदगी से पार्टी को मिलेगी सरपरस्ती’
आजम खान के परिवार से 2027 में किसी दूसरे सदस्य के चुनाव लड़ने की संभावना पर नसीम सोलंकी ने कहा कि इसका फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही करेंगे।
उन्होंने कहा, “चुनाव के लिए तो सिर्फ एक ही शख्स हैं, जो कुछ कह सकते हैं। वह हैं हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जी। उन्हीं को पता होता है कि किस परिवार से कौन चुनाव लड़ेगा। लेकिन आजम साहब के रहने से पूरे प्रदेश में हम लोगों को उनकी सरपरस्ती जरूर मिलेगी।”
नसीम ने आजम खान के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि उनके परिवार ने भी काफी तकलीफें झेली हैं। उनकी पत्नी की परेशानी को वह अपनी तकलीफ की तरह महसूस करती हैं।
‘आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे’: इरफान सोलंकी
पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने आजम खान की रिहाई पर अल्लाह का शुक्रिया अदा किया और अदालत के फैसले का स्वागत किया।
उन्होंने कहा, “आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी ने यह बात यूं ही नहीं कही थी। आजम खान वह व्यक्ति हैं, जो मुलायम सिंह यादव जी के साथ समाजवादी पार्टी की नींव रखने में शामिल थे। वह आज भी हमारी पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं।”
इरफान ने कहा कि आजम खान हर मजहब, हर धर्म और हर वर्ग के लोगों के दिलों में रहते हैं। उनकी वापसी से सिर्फ मुस्लिम समाज ही नहीं, बल्कि पूरी समाजवादी पार्टी को फायदा होगा।
उन्होंने कहा, “आजम साहब की मौजूदगी, उनकी सरपरस्ती और उनकी दुआओं से हम सरकार बनाएंगे। अखिलेश यादव जी को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का जो संकल्प समाजवादी पार्टी के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने लिया है, उसे पूरा करेंगे।”
आजम खान के परिवार को भी राहत मिलने की उम्मीद
आजम खान के परिवार के किसी सदस्य के चुनाव लड़ने की संभावना पर इरफान सोलंकी ने सीधे तौर पर कोई राजनीतिक टिप्पणी नहीं की। उन्होंने आजम खान को कानूनी मामलों में राहत मिलने की उम्मीद जताई।
इरफान ने कहा, “सजा अदालत ने दी है और राहत भी अदालत देगी। अभी न्याय खत्म नहीं हुआ है। हाईकोर्ट है, सुप्रीम कोर्ट है। इंसाफ पसंद लोग आज भी मौजूद हैं।”
उन्होंने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली थी, उसी तरह आजम खान के परिवार को भी न्याय मिलने की उम्मीद है। इरफान ने कहा कि उन्हें खुद भी राहत मिलने का भरोसा है और एक बार फिर हम लोग विधानसभा में दहाड़ेंगे।
ओवैसी पर इरफान का तंज- अब्दुल अपना विधायक तो बनाएगा
यूपी में ओवैसी की सक्रियता और मुस्लिम वोटों में संभावित बिखराव के सवाल पर इरफान सोलंकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी समाज को जोड़ने का काम करती है, तोड़ने का नहीं।
उन्होंने कहा, “कहते हैं सौ सुनार की, एक लोहार की। ओवैसी साहब बार-बार आए, अच्छे भाषण दिए, सौ जनसभाएं कीं। हमारे नेता आजम खान साहब ने एक ही बात में पूरी बात कह दी।”
इरफान ने कहा- ओवैसी बार-बार अब्दुल को विधायक और सांसद बनाने की बात करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हम तो कह रहे हैं कि अब्दुल कुछ नहीं करेगा, लेकिन अब्दुल अपना विधायक तो बनाएगा।”
उन्होंने कहा- समाजवादी पार्टी में हर वर्ग के लोग हैं। यहां अब्दुल भी है, राम भी है, रहीम भी है और सरदार जी भी हैं। सभी मिलकर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
हसन रूमी बोले- आजम के आने से ओवैसी के सवालों का जवाब मिल गया
कैंट विधानसभा सीट से सपा विधायक हसन रूमी ने कहा कि ओवैसी 2022 के चुनाव में भी यूपी आए थे, लेकिन मुस्लिम मतदाता उनके प्रभाव में नहीं आए। अब आजम खान की वापसी से सपा को और मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा, “ओवैसी जी रामपुर जाकर अपने भाषणों में कई बार आजम साहब का नाम लेते थे। अब आजम साहब खुद आ गए हैं और उन्होंने उनके सारे सवालों का जवाब दे दिया है। उनके आने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आई है। समाजवादी पार्टी और मजबूत हुई है।”
हसन रूमी ने कहा कि आजम खान सपा के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं और मुलायम सिंह यादव के सबसे मजबूत साथियों में रहे हैं। पिछले तीन-चार साल से अखिलेश यादव को जिस मजबूत राजनीतिक साथी और मार्गदर्शन की कमी महसूस हो रही थी, आजम खान की वापसी से वह कमी काफी हद तक पूरी होगी।
‘सपा के 32 विधायक हैं, ओवैसी बताएं हमें किसने बनाया’
हसन रूमी ने ओवैसी के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें मुस्लिम समाज के लोगों को विधायक और सांसद बनाने की बात कही जाती है।
उन्होंने कहा, “ओवैसी साहब हर वक्त कहते हैं कि अब्दुल को विधायक बनाएंगे, अब्दुल को सांसद बनाएंगे। तो हम क्या चीज हैं? हम भी तो विधायक हैं। हमें किसने बनाया? समाजवादी पार्टी ने बनाया है।”
हसन रूमी ने कहा कि सपा के पास मुस्लिम समाज के साथ-साथ पीडीए के सभी वर्गों का समर्थन है। आजम खान की वापसी से इस गठबंधन को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए के लोगों ने जिस तरह चुनाव की दिशा बदली थी, 2027 में भी वे उसी तरह की भूमिका निभाएंगे।