संगरूर में घर से मिले 2 शव:पंखे से लटका हुआ था युवक, महिला के सीने पर चाकू के निशान; फोरेंसिक टीम पहुंची

संगरूर के हलका धूरी में एक घर से महिला और युवक के शव मिले। इस मामले की जांच में अभी तक सामने आया है कि महिला के शरीर पर चोट के निशान हैं। उसके सीने पर चाकू के निशान भी मिले हैं।

महिला का शव कमरे के फर्श पर पड़ा हुआ था, जबकि युवक का शव पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस दोनों की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

मृतकों की पहचान हरपाल कौर (31) निवासी धूरी और गुरप्रीत सिंह (27) निवासी गांव पुन्नावाल के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

पत्नी घर का दरवाजा नहीं खोल रही है थाना प्रभारी (SHO) जयदीप शर्मा के अनुसार, उन्हें करीब साढ़े 4 बजे महिला हरपाल के पति ने सूचना दी थी कि उसकी पत्नी घर का दरवाजा नहीं खोल रही है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर जांच की तो महिला का शव जमीन पर पड़ा हुआ था और एक युवक का शव फंदे से लटका मिला।

सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच SHO ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

112 पुलिस हेल्पलाइन पर घटना की शिकायत मिली इस मामले में DSP गुरप्रीत सिंह ने कहा कि 112 पुलिस हेल्पलाइन पर घटना की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता बलजिंदर सिंह निवासी गुरु तेग बहादुर नगर ने बताया था कि वह अपने बच्चों के साथ घर के बाहर खड़े हैं।

यह परिवार पुन्नावाल का रहने वाला है DSP ने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि यह परिवार पुन्नावाल का रहने वाला है। वे कुछ समय पहले ही यहां रहने आए थे। मृतक गुरप्रीत भी पुन्नावाल का रहने वाला था। दोनों का आपस में क्या संबंध था, इसे लेकर जांच की जा रही है।