रोहतक में युवक को लोहे की राड-डंडों से पीटा:बाइक अड़ाकर रोका रास्ता, हाथ-पैर तोड़े; बेहोशी की हालत में छोड़ तीनों हमलावर फरार

रोहतक जिले के महम ब्लॉक में बाइक सवार 3 युवकों ने रास्ता रोककर स्कूटी सवार युवक पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए।

होश आने पर घायल ने अपने भाई को फोन कर बुलाया। इसके बाद उसे महम अस्पताल ले जाया गया, जहां से पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डेयरी से गांव लौट रहे थे दोनों

घायल दलसिंह पुत्र राममेहर निवासी भैणी चंद्रपाल ने बताया कि वह अपनी मौसी के लड़के दलशेर के पास महम में डेयरी के अंदर गया था। दोपहर के समय संजय पुत्र महाबीर निवासी गांव भैणी चंद्रपाल भी वहां आ गया। रात करीब 9 बजे दोनों स्कूटी पर गांव भैणी चंद्रपाल जा रहे थे। स्कूटी संजय चला रहा था और दलसिंह पीछे बैठा था।

पेट्रोल पंप के पास रोका रास्ता

दलसिंह के अनुसार, जब वे फरमाणा रोड पर किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो बाइक सवार 3 युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। तीनों के हाथों में लोहे की रॉड और डंडे थे। आरोपियों ने बाइक से उतरकर उसके हाथों और पैरों पर वार किए। इस दौरान संजय वहां से भाग गया।

धमकी देकर फरार हुए आरोपी

दलसिंह ने बताया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। उसके चिल्लाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मारपीट के कारण वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने अपनी मौसी के लड़के दलशेर को फोन कर बुलाया। दलशेर उसे इलाज के लिए महम अस्पताल लेकर गया, जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

महम थाना एसएचओ रौशन लाल ने बताया कि युवक के साथ मारपीट की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।