15 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन संभव:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देंगे तोहफा, वंदे भारत एक्सप्रेस की मिलेगी सौगात

पूर्णिया के इतिहास में 15 सितंबर की तारीख खास होगी। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्णिया वासियों को एक साथ दो तोहफे दे सकते हैं। पीएम मोदी पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते हैं। प्रशासनिक स्तर पर इसे लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। अगर ऐसा होता है तो एक ही दिन पूर्णियावासियों को रेल और हवाई दोनों सेवाओं का सौगात मिल सकती है। पूर्णिया कोर्ट स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हो सकती है।

एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी रंगभूमि मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई केंद्रीय और राज्यस्तरीय मंत्री मौजूद रहेंगे। सभा से पहले पीएम मोदी के रोड शो किए जाने की भी चर्चा हो रही है।

रंगभूमि मैदान और आस-पास के जगहों पर विशेष सफाई अभियान

पीएम के दौरे को लेकर जिले का प्रशासनिक महकमा एक्टिव हो गया है। रंगभूमि मैदान और आस-पास के जगहों पर विशेष सफाई अभियान चल रहा है। इसे लेकर प्रशासनिक महकमा तैयारियों में भिड़ा है। मैदान में पड़े गड्ढों को मिट्टी डालकर समतल किया जा रहा है। मैदान में फैले झाड़-झंखाड़ की कटाई-छंटाई का काम जोरो पर है। इंदिरा गांधी स्टेडियम और रोड की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है।

पूर्णिया एयरपोर्ट शुरू होने से न केवल कोसी और सीमांचल क्षेत्र बल्कि नेपाल, झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को भी हवाई सेवा का सीधा फायदा मिलेगा। पूर्णिया एयरपोर्ट और टर्मिनल का डिजाइन हाईटेक तरीके से बना है। ये एयरपोर्ट ‘स्टेट ऑफ द आर्ट’ सुविधाओं से लैस होगा। हवाई अड्डा और टर्मिनल बिल्डिंग के बनाने में आज की नई तकनीक का सहारा लिया गया है। एयरपोर्ट के टर्मिनल बनाने में इस बात का ध्यान रखा गया है कि आने वाले 40 सालों तक इसकी यूटिलिटी बनी रहीं।

E-Paper 2025