फरीदकोट में प्रॉपर्टी विवाद में बेटे ने बुजुर्ग पिता की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हरजिंदर सिंह (58) के रूप में हुई है। घटना 21 नंबवर की है। पुलिस ने मृतक के बेटे हरविंदर सिंह उर्फ निक्का (40) और उसके साले चरणजीत सिंह उर्फ चन्नू को 22 नवंबर देर रात गिरफ्तार कर लिया।
वारदात में शामिल 3 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है। पुलिस ने मृतक की बेटी मुक्तसर जिले के गांव बरकंदी निवासी सुखप्रीत कौर की शिकायत पर भाई, भाभी समेत 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना जैतो के गांव मत्ता में हुई।
सुखप्रीत कौर के अनुसार 22 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे उसके पति बलराज सिंह को उसके भाई हरविंदर सिंह ने फोन कर बताया कि उनके पिता हरजिंदर सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। सूचना मिलने पर वह अपने पति के साथ गांव मत्ता पहुंची। वहां पिता के गले पर निशान देखकर उसे मौत के कारणों पर संदेह हुआ।
अब सिलसिलेवार जानिए हत्या की कहानी…
- पैसे और मकान को लेकर होता था विवाद: मृतक की बेटी सुखप्रीत कौर ने पुलिस को बताया कि उसे अपने स्तर पर जानकारी जुटाने पर पता चला कि उसका भाई हरविंदर सिंह और भाभी कोमल अकसर पैसों और मकान अपने नाम करवाने को लेकर पिता से झगड़ा करते थे। 21 नवंबर को हरविंदर का साला राजस्थान के श्रीगंगानगर निवासी चरणजीत सिंह उर्फ चन्नू भी गांव मत्ता आया हुआ था। उस शाम भी परिवार में विवाद हुआ था।
- हरविंदर ने अपने दोस्त और साले को बुलाया: विवाद के बाद हरविंदर ने अपने दोस्त धर्मेंद्र सिंह उर्फ भिंदर उर्फ बकरा और एक अज्ञात युवक को भी बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद भाभी कोमल ने हरजिंदर की चाय में नींद की गोलियां मिला दीं। रात करीब 11:30 बजे बुजुर्ग के बेहोशी की हालत में होने पर हरविंदर, चरणजीत, धर्मेंद्र और अज्ञात युवक ने उनके हाथ-पैर पकड़ लिए।
- परना गले में डालकर घोंटने का आरोप: भाभी कोमल ने हरजिंदर सिंह के गले में परना डालकर उनका गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोप है कि वारदात को छिपाने के लिए परिवार ने सुबह हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही। हालांकि, पिता के गले पर निशान देखकर बेटी को संदेह हुआ और उसने पुलिस को शिकायत दी।
- 3 आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी: जांच अधिकारी एसआई जैजीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें मृतक का बेटा हरविंदर सिंह उर्फ निक्का और उसका साला चरणजीत सिंह उर्फ चन्नू गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मृतक की बहू कोमल, हरविंदर का दोस्त धर्मेंद्र सिंह उर्फ भिंदर उर्फ बकरा और एक अज्ञात युवक अभी फरार हैं। शव का मंगलवार को फरीदकोट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।