बिहार-बंगाल में भूकंप, 5.4 रही तीव्रता:सिक्किम-सिलिगुड़ी में भी महसूस हुए झटके, नेपाल रहा केंद्र; चीन-भूटान-बांग्लादेश में भी असर

बिहार-बंगाल समेत पूर्वोत्तर भारत में मंगलवार सुबह भूकंप आया। इसका केंद्र नेपाल रहा। रिक्टेर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.4 रही। 2-3 सेकंड तक कंपन महसूस हुआ।

भूकंप का असर चीन, भूटान और बांग्लादेश में भी रहा। अब तक किसी नुकसान की सूचना नहीं है।

बिहार के सुपौल, समस्तीपुर, दरभंगा, भागलपुर समेत कई जिलों में सुबह 7:04 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। पलंग और पंखे हिलने लगे। लोग घरों से बाहर निकल आए।

बंगाल, सिक्किम, सिलिगुड़ी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस समय कई लोग अपने रोजमर्रा के काम में लगे थे। कुछ लोगों को पहले लगा कि कोई भारी वाहन गुजर रहा है।