लखीसराय- ट्रक-स्कॉर्पियो में टक्कर, पति-पत्नी समेत 5 की मौत:गाड़ी के परखच्चे उड़े; 4 घायलों में दंपती का बेटा भी, सभी एक ही परिवार के थे

लखीसराय में मंगलवार सुबह ट्रक और स्कार्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं एक बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल है।हादसा लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर गुणसागर गांव के पास हुआ।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी स्क्रैप में तब्दील हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर तेतरहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को गाड़ी से निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया।

चारों घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत चिंताजनक बताई गई है। पुलिस ने पांचों मृतकों के शव भी सदर अस्पताल पहुंचाए हैं। मृतकों में दंपती और एक 14 साल का बच्चा भी है।

सभी मोतिहारी के रहनेवाले थे

ट्रैफिक डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग तेतरहत थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हुई, जिसमें पांच लोगों की मौत, चार लोग गंभीर रूप से जख्मी है। सभी मृतक और घायल लोग मोतिहारी जिले के ढाका थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

वे मोतिहारी से झारखंड जा रहे थे। इसी दौरान गुणसागर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी गाड़ी टकरा गई।

दंपती की मौत, बेटा घायल

मृतकों में राकेश कुमार, उनकी पत्नी पल्लवी देवी, 10 साल का बादल कुमार, सुनीता देवी और ड्राइवर तारीक आलम है।

वहीं, स्वीटी देवी, उज्जवल कुमार, मुन्ना कुमार और शेखर गुप्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्वीटी और पल्लवी बहनें हैं। जबकि मुन्ना कुमार राकेश कुमार का भांजा है।