भोजपुर- शादी में घुसकर डबल मर्डर, तीसरा गंभीर:2 बाइक से आए बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग; मौसी की शादी में दोस्तों संग आया था युवक

भोजपुर में मंगलवार रात शादी समारोह के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इसमें 2 युवकों की हत्या हुई, जबकि एक की हालत गंभीर है।

वारदात जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव में हुई। जहां जयमाला के बाद दो बाइक से पहुंचे छह हथियारबंद अपराधियों ने शादी में शामिल होने आए युवकों को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चलाईं।

अचानक हुई फायरिंग से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान तीन युवकों को गोली लग गई। घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान शुभकरणगंज गांव निवासी 20 साल के राहुल कुमार और 21 साल के दीपक कुमार के रूप में हुई है।

वहीं, गोली लगने से घायल युवक की पहचान दौलतपुर गांव निवासी 18 साल के सोनू कुमार के रूप में हुई है। उसके दाहिने जांघ में गोली लगी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

डबल मर्डर को लेकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दौलतपुर गांव के पास शवों को सड़क पर रखकर जाम कर दिया है। आगजनी कर अपराधियों की गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं।

दोस्तों के साथ शादी समारोह में पहुंचा था राहुल

जानकारी के मुताबिक, चकिया गांव निवासी नरेश यादव की बेटी नेहा की शादी थी। बारात कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पद्मिनिया गांव से आई थी। नेहा रिश्ते में राहुल की मौसी लगती थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए राहुल अपने दोस्त दीपक, विक्की और अन्य युवकों के साथ पहुंचा था।

जयमाला के बाद पहुंचे थे अपराधी

बारात आने के बाद जयमाला का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद सभी ने खाना खाया और आपस में बातचीत करने लगे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार छह हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे युवकों पर फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी में किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। देखते ही देखते शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।

अस्पताल पहुंचने से पहले 2 युवकों की मौत

राहुल को बाएं कान और सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगी थी। दीपक के पेट, दाहिने हाथ, बाएं कंधे और कोहनी के पास गोली लगी थी। दोनों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ-1 सुशील कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। वहां जख्मी सोनू से मामले की जानकारी लेने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।

3 लोगों को गोली मारी गई थी

एसडीपीओ ने बताया कि शादी समारोह के दौरान तीन युवकों को गोली मारी गई, जिसमें दो की मौत हो गई है। प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद की बात सामने आई है।

इस मामले में दो-तीन बिंदुओं पर जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। कुछ संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।