बेगूसराय के नीतीश की BPSC में 16वीं रैंक, DSO बने:8 साल के थे तब पिता का निधन; UPSC मेंस तक पहुंचे, अब IAS बनने का सपना

बेगूसराय के नीतीश कुमार ने BPSC की जिला सांख्यिकी पदाधिकारी (DSO) एग्जाम में 16वीं रैंक हासिल की है। महज 8 साल की उम्र उनके सिर से पिता का साया उठ गया था। उस वक्त वे चौथी कक्षा में पढ़ते थे। पिता के निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, लेकिन मां ने हिम्मत नहीं हारी। चाचा ने पिता की तरह जिम्मेदारी उठाई और उनकी पढ़ाई से लेकर परवरिश तक का ध्यान रखा।

मां ने भी शिक्षक के रूप में नौकरी करते हुए परिवार और बच्चों की परवरिश संभाली। तमाम मुश्किलों के बीच नीतीश ने पढ़ाई जारी रखी और अब बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में सफलता हासिल की है।

मैसना गांव के रहने वाले नीतीश अब UPSC के जरिए IAS अधिकारी बनना चाहते हैं। उनके पिता उमाकांत वर्मा टीचर थे। वे चाहते थे कि उनका बेटा पढ़-लिखकर अफसर बने। आज नीतीश ने अपने पिता का सपना पूरा किया है।

बता दें कि बिहार लोक सेवा आयोग ने जिला सांख्यिकी पदाधिकारी / सहायक निदेशक परीक्षा का रिजल्ट 23 नवंबर 2026 को जारी कर दिया है।

क्लास 4 में पिता का निधन, चाचा ने पेरेंट बनकर संभाला

नीतीश के पिता उमाकांत वर्मा साल 2000 बैच के टीचर थे। साल 2005 में उनका अचानक निधन हो गया। उस समय नीतीश चौथी कक्षा में पढ़ते थे। पिता के जाने के बाद परिवार पर संकट आ गया।

ऐसे समय में उनके चाचा दयाकांत कुमार ने पेरेंट की जिम्मेदारी संभाली। वे जमशेदपुर स्थित CSIR-NML में फाइनेंस एंड अकाउंट ऑफिसर हैं।

चाचा उन्हें अपने साथ ले गए। वहां उनकी देखभाल की, स्कूल में एडमिशन कराया और पढ़ाई के लिए लगातार गाइड किया। रश्मि सिंह ने भी अभिभावक और मार्गदर्शक के रूप में उनका साथ दिया।

मां को अनुकंपा पर मिली नौकरी

साल 2010 में मां संयुक्ता वर्मा को अनुकंपा के आधार पर मध्य विद्यालय में शिक्षिका की नौकरी मिली। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों ने मिलकर बच्चों की पढ़ाई और परवरिश की जिम्मेदारी निभाई।

नीतीश बताते हैं कि उनकी आंटी ने भी हर मुश्किल समय में मदद और मार्गदर्शन दिया। बहन शिल्पी कुमारी भी पढ़ाई में आगे बढ़ रही हैं और TRE-4 की अभ्यर्थी हैं।

चचेरे भाई-बहन अनोखी, अनुभव और अभिराज भी उन्हें हमेशा खुश रखते हैं। नीतीश के मुताबिक, उनकी सफलता में सबसे बड़ा योगदान मां, चाचा-चाची का है। मुश्किल समय में परिवार ने कभी निराश नहीं होने दिया।

नीतीश आगे बताते हैं कि उनके दादा श्रीचंद्र वर्मा और दादी सावित्री देवी बचपन से ही उनके पहले मार्गदर्शक रहे। दोनों चाहते थे कि वे पढ़-लिखकर अधिकारी बनें। परिवार के इसी सपने ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स तक का सफर

नीतीश ने चौथी कक्षा तक गांव में पढ़ाई की। इसके बाद चाचा उन्हें अपने साथ ले गए, जहां उन्होंने केंद्रीय विद्यालय से दसवीं की परीक्षा पास की। फिर बोकारो के श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। इस दौरान उन्होंने इंजीनियरिंग की तैयारी भी की, लेकिन उसमें सफलता नहीं मिली।

इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय में एडमिशन लिया और राजधानी कॉलेज से इकॉनमिक्स में ऑनर्स की डिग्री हासिल की। आगे दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से इकॉनमिक्स में MA किया। नीतीश बताते हैं कि दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में पढ़ाई के दौरान उन्हें कई नए अवसर मिले और आगे बढ़ने के लिए नई राहें खुलीं।

UPSC में मेंस तक पहुंचे, 69वीं BPSC में भी इंटरव्यू दिया

नीतीश ने अधिकारी बनने के लक्ष्य के साथ लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी। उन्होंने UPSC की परीक्षा दी और मुख्य परीक्षा तक पहुंचे, लेकिन अंतिम सिलेक्शन नहीं हो सका। 69वीं BPSC में भी उन्होंने इंटरव्यू दिया, लेकिन दो-तीन नंबर के अंतर से सिलेक्ट होने से चूक गए।

इसके अलावा BPSC की ओर से आयोजित डबल एओ (असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर) परीक्षा में भी इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन कुछ नंबर से सफलता नहीं मिली।

नीतीश के मुताबिक, IPS के लिए निर्धारित कद संबंधी मानक के कारण उनके सामने एक बाधा रही। हालांकि, उनका लक्ष्य अब भी UPSC के जरिए IAS अधिकारी बनना है।

इसके लिए उनकी तैयारी लगातार जारी है। हाल ही में छठ पर्व के बाद दिल्ली लौटे नीतीश अब जिला सांख्यिकी पदाधिकारी के पद पर ज्वाइनिंग प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।

मां बोलीं- दुख और संघर्ष के बीच बेटे को पढ़ाया

बेटे की सफलता पर मां संयुक्ता वर्मा भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, काफी मेहनत, दुख और संघर्ष के बीच बेटे को पढ़ाया और आगे बढ़ाया। उन्होंने हर परिस्थिति में उसका हौसला बनाए रखा।

आज बेटे ने अपनी मेहनत से जिला सांख्यिकी पदाधिकारी का पद हासिल किया है। यह पूरे परिवार के संघर्ष का सुखद परिणाम है।

बचपन के ट्यूटर ने कहा- यह गौरव का क्षण

नीतीश के बचपन के शिक्षक शशिकांत ने उनकी सफलता को खुशी और गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में उन्होंने नीतीश को पढ़ाया था। बचपन में ही पिता का निधन हो गया था, लेकिन मां, दादी, चाचा और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसकी पढ़ाई में काफी मेहनत की। नीतीश ने भी लगातार परिश्रम किया। आज उसी मेहनत का परिणाम है कि वह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी बना है।